माउंट कार्मल कॉलेज के वार्षिकोत्सव में छात्राओं ने नृत्य के जरिए बिखेरे प्रकृति के रंग
रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजी छात्राओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का दिल जीत लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए छात्राओं ने संदेश दिया कि प्रकृति का प्रत्येक रंग, स्वर और जीव मिलकर एक मधुर संगीत की रचना करते हैं। विविधता में समाहित यही सुंदरता जीवन में एकता, सामंजस्य और आपसी सद्भाव का प्रतीक है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रेवरेंड फादर डॉ. जॉन एलविन डायस ओएफएम कैपुचिन ने किया। इस अवसर पर कॉलेज की प्रिंसिपल सिस्टर रश्मिता एसी भी उपस्थित रहीं।
वार्षिकोत्सव के दौरान छात्राओं ने नृत्य, संगीत, नाट्य मंचन सहित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आकर्षक मंच सज्जा, रंग-बिरंगी पोशाकों और प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
कॉलेज की प्रिंसिपल सिस्टर रश्मिता एसी ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां भी छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
