सीता हरण की भावपूर्ण लीला देख दर्शकों की आंखें हुईं नम
गोण्डा। मालवीय नगर में श्रीरामलीला समिति द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव के षष्ठम दिवस पर नटराज रामलीला मंडल के कलाकारों ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के पंचवटी प्रवास, शबरी मिलन एवं सीता हरण की लीलाओं का अद्भुत मंचन प्रस्तुत किया। पंचवटी प्रवास के दौरान प्रभु श्रीराम ने अपनी विविध लीलाओं से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर किया। इसी क्रम में उन्होंने मारीच व सुबाहु सहित कई राक्षसों को पराजित कर धर्म की रक्षा की। सुपर्णखा की शिकायत पर लंकापति रावण साधु का वेश धरकर पंचवटी पहुंचा और माता सीता का हरण कर लिया।
कलाकारों की जीवंत अदाकारी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। शबरी मिलन का प्रसंग देखकर जहां श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे, वहीं सीता हरण प्रसंग में माता सीता का विलाप सुनकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं।
समिति के अध्यक्ष व प्रबंधक अनिल सिंह ने श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हरीश शुक्ला, संजय तिवारी, गोपेश श्रीवास्तव और धीरेंद्र पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
