अवनीश अवस्थी बने गोमती नगर जनकल्याण महासमिति के संरक्षक, गोमती नदी की सफाई का अभियान चलाने का निर्णय
लखनऊ। गोमती नगर जनकल्याण महासमिति की प्रबंध एवं कोर समिति की बैठक विवेक खंड स्थित महासमिति के कार्यालय (विवेक खंड-3, 127) में अध्यक्ष डॉ. बी.एन. सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में महासचिव डॉ. राघवेंद्र शुक्ला की उपस्थिति में क्षेत्र के विकास कार्यों, महासमिति की आगामी योजनाओं और संगठन के चुनाव को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अवनीश अवस्थी को महासमिति का संरक्षक नियुक्त करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर डॉ. राघवेंद्र शुक्ला ने महासमिति की ओर से अब तक किए गए कार्यों और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
गोमती नदी की स्वच्छता के लिए चलेगा अभियान
बैठक में गोमती नदी की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके तहत महासमिति संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सफाई की कार्ययोजना तैयार करेगी। साथ ही नदी की स्वच्छता के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।
विभिन्न खंडों के लिए पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
महासमिति के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी अभियानों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके तहत अजय वर्मा को विपुल खंड, राजेश कुमार तिवारी को विश्वास खंड, डॉ. अमित टंडन को खरगापुर, आलोक मिश्रा को विभव खंड, रामनाथ शुक्ला को विराज खंड और विवेक शुक्ला को वास्तु खंड का दायित्व दिया गया। इन सभी पदाधिकारियों को मूर्ति विसर्जन, कपड़ा बैंक, बर्तन बैंक और महासमिति के अन्य अभियानों को 30 नवंबर 2026 तक संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
महासमिति के नाम में बदलाव और साहित्य भवन का प्रस्ताव
बैठक में संगठन का नाम बदलकर ‘गोमती जनकल्याण महासमिति (राज्य राजधानी क्षेत्र, लखनऊ)’ करने पर सहमति बनी। इसके अलावा कवियों और साहित्यकारों के लिए एक साहित्य भवन का निर्माण कराने का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिल सके।
बैठक में राजीव प्रधान, अजय वर्मा, राजेश तिवारी, आलोक मिश्रा, डॉ. अमित टंडन, विवेक शुक्ला और ओम शंकर गुप्ता को भी आमंत्रित किया गया था। इस अवसर पर महासमिति के महासचिव डॉ. राघवेंद्र शुक्ला, कार्यकारी महासचिव कर्नल ए.एन. पांडे, सचिव संजय निगम, सचिव सी.जी. नायर, संगठन मंत्री ए.के. गुप्ता, अभिनव शुक्ला, कोषाध्यक्ष पी.आर. पांडे और सांस्कृतिक सचिव रोड मौर्य सहित महासमिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
