लखनऊ मंडल के माध्यमिक विद्यालयों में सिंगल यूज प्लास्टिक उन्मूलन के लिए होंगे जागरूकता कार्यक्रम

Awareness programs for the elimination of single-use plastic will be held in secondary schools across the Lucknow division.
 
ghujg

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के माध्यमिक विद्यालयों में सिंगल यूज प्लास्टिक के उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिक्षा निदेशक माध्यमिक प्रताप सिंह बघेल के निर्देश पर लखनऊ मंडल के सभी छह जिलों- लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, उन्नाव और रायबरेली के माध्यमिक विद्यालयों में ये आयोजन कराए जाएंगे।

संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल कार्यालय के मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन अनुभाग-6 के संयुक्त सचिव द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016 को मिशन मोड में लागू करने और निर्धारित समयसीमा में उनका अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसका प्रमुख उद्देश्य सिंगल यूज प्लास्टिक का उन्मूलन करना है।

डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य दैनिक जीवन में प्लास्टिक के उपयोग को कम करना, प्लास्टिक कचरे को उसके स्रोत पर ही अलग करना, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) को बढ़ावा देना और प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था को ग्रामीण क्षेत्रों तक विस्तार देना है।

निबंध प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को किया जाएगा जागरूक

डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि माध्यमिक विद्यालयों में सिंगल यूज प्लास्टिक उन्मूलन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएंगी। इनमें प्रमुख विषय होंगे-

  • प्लास्टिक कचरे का स्रोत पर पृथक्करण।

  • प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016।

  • दैनिक जीवन से सिंगल यूज प्लास्टिक का उन्मूलन।

  • प्लास्टिक प्रदूषण कम करने में विद्यालयों और विद्यार्थियों की भूमिका।

  • प्लास्टिक पुनर्चक्रण में प्रमुख नवाचार और जैव-आधारित विकल्प।

  • प्लास्टिक प्रदूषण का पर्यावरण पर दुष्प्रभाव।

  • सतत एवं पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली के लिए 4-आर सिद्धांत।

इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों, उसके उचित प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा।

सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश जारी

संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने मंडल के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को शासन से प्राप्त निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत सभी छह जिलों के माध्यमिक विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियों के आयोजन पर जोर दिया गया है।

Tags