विश्व हृदय दिवस पर हिन्द हॉस्पिटल में जागरूकता रैली, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
बाराबंकी। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर हृदय स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से हिन्द हार्ट इंस्टीट्यूट, हिन्द मेडिकल कॉलेज, सफेदाबाद, बाराबंकी में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में हिन्द हॉस्पिटल के पैरामेडिकल एवं नर्सिंग स्टाफ के साथ मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
रैली के दौरान छात्र-छात्राओं और स्वास्थ्यकर्मियों ने हाथों में हृदय स्वास्थ्य से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां एवं बैनर लेकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, नशे से दूरी और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने का संदेश दिया गया। रैली के माध्यम से लोगों को हृदय रोगों के बढ़ते जोखिम के प्रति भी सचेत किया गया।
युवाओं में भी बढ़ रहा हृदय रोगों का खतरा
हिन्द हॉस्पिटल हार्ट इंस्टीट्यूट के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव ने कहा, “दिल का रखिए ध्यान, नहीं रहेंगे परेशान।” उन्होंने कहा कि हृदय रोग अब केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवा वर्ग में भी इनके मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में समय रहते जागरूक होना, नियमित स्वास्थ्य जांच कराना और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव करना महत्वपूर्ण है।
हिन्द हार्ट इंस्टीट्यूट की डॉ. गुंजन सिंह ने कहा, “दिल के लिए समय निकालें और दिल को स्वस्थ रखें।” उन्होंने लोगों से अपने व्यस्त दैनिक जीवन में स्वास्थ्य के लिए समय निकालने और नियमित शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

हृदय स्वास्थ्य का संदेश हर वर्ग तक पहुंचाना जरूरी : रिचा मिश्रा
हिन्द हार्ट इंस्टीट्यूट, हिन्द हॉस्पिटल की चेयरपर्सन रिचा मिश्रा ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक हृदय स्वास्थ्य से जुड़ा जागरूकता संदेश पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की जागरूकता रैलियां लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग करने और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, तनावपूर्ण दिनचर्या, खान-पान में बदलाव और शारीरिक सक्रियता में कमी जैसे कारण हृदय स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए हृदय की सेहत को लेकर जागरूकता को केवल एक दिन तक सीमित रखने के बजाय इसे नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने की जरूरत है।
रिचा मिश्रा ने कहा कि हृदय स्वास्थ्य जागरूकता को व्यापक अभियान का रूप देते हुए बाराबंकी के साथ-साथ पूरे पूर्वांचल में विभिन्न संस्थानों और विद्यालयों में सीपीआर (CPR) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में समय पर सीपीआर दिया जाना जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
नियमित जांच और सक्रिय जीवनशैली पर जोर
हिन्द हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. अमोद कुमार सचान ने लोगों से अपने हृदय स्वास्थ्य को नजरअंदाज न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ हृदय के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित खान-पान और सक्रिय जीवनशैली को अपनाना आवश्यक है।
रैली के आयोजन में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राजीव कृष्ण चौधरी और डॉ. तारिक अली सहित हिन्द हॉस्पिटल की कार्डियक टीम के डॉ. राहुल, राजेश चौहान, राघवेंद्र, मुदित, रवि, अली, अर्चना, सोनल और श्याम नंदन तिवारी ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम को सफल बनाने में माड़वी सिंह, जनरल मैनेजर राजा अंसारी, अमित सिंह, नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट सहित नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ का भी योगदान रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता केवल विश्व हृदय दिवस तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। स्वस्थ खान-पान, नियमित शारीरिक गतिविधि, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और आपात स्थिति में प्राथमिक सहायता की जानकारी को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर हृदय स्वास्थ्य के प्रति सजग रहा जा सकता है।
