बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत निकाली गई जागरूकता रैली, बच्चों के अधिकारों की रक्षा का दिया संदेश
लखनऊ। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मलिहाबाद में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिला कल्याण विभाग के वन स्टॉप सेंटर मलिहाबाद यूनिट-3 की ओर से आयोजित किया गया।
रैली में उच्च प्राथमिक विद्यालय अमानीगंज के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय की ओर से उर्मिला एवं ललिता उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में थाना मलिहाबाद की मिशन शक्ति डेस्क प्रभारी मनीषा पाठक, रेखा एवं ललिता ने भी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए रैली के आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

वन स्टॉप सेंटर की ओर से केस वर्कर अमृता तिवारी, शुभ्रा सिंह, पैरामेडिकल नर्स मंजली, कार्यालय सहायक राजा सोनी एवं एमटीएस रोहित कुमार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया गया। साथ ही बाल विवाह को रोकने, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने और समाज में इस कुप्रथा के खिलाफ सामूहिक आवाज बुलंद करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता पहुंचाना तथा बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करना रहा। रैली के माध्यम से संदेश दिया गया कि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रखना और उन्हें शिक्षा एवं विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
