अयोध्या राम मंदिर में दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं के लिए बनेगा सुगम दर्शन मार्ग, आईटीसी मंगलदीप की ‘हर भक्त श्री राम तक’ पहल का पहला चरण पूरा
इस पहल के बारे में आईटीसी के मैचेस एंड अगरबत्ती डिवीजन के डिविजनल सीईओ रोहित डोगरा ने कहा कि मंगलदीप का मानना है कि भक्ति का अनुभव हर व्यक्ति के लिए सुलभ होना चाहिए। प्रत्येक श्रद्धालु को अपनी क्षमताओं और परिस्थितियों से परे जाकर भगवान की आराधना करने का समान अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ‘हर भक्त श्री राम तक’ पहल के माध्यम से टेक्नोलॉजी और सामूहिक भागीदारी को एक सार्थक उद्देश्य से जोड़ा गया है। अयोध्या राम मंदिर में स्पर्श-संवेदनशील और ब्रेल-सक्षम पैनलों की स्थापना पहले चरण की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में रास्ता पहचानने और अधिक आत्मविश्वास के साथ दर्शन करने में मदद मिलेगी।
3.45 लाख श्रद्धालुओं की डिजिटल भागीदारी से साकार हुई पहल
‘हर भक्त श्री राम तक’ को रामसेतु की प्रेरणा से एक डिजिटल पहल के रूप में तैयार किया गया। इसके माध्यम से देशभर के श्रद्धालुओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी-अपनी भाषा में ‘राम’ लिखने के लिए आमंत्रित किया गया। प्रत्येक डिजिटल भागीदारी को अयोध्या राम मंदिर में सुगम दर्शन मार्ग तैयार करने के सामूहिक प्रयास का प्रतीकात्मक योगदान बनाया गया। इस अभियान से देशभर के लगभग 3.45 लाख यूजर्स जुड़े। श्रद्धालुओं की इस व्यापक भागीदारी के सहयोग से मंदिर परिसर में 800 मीटर के दायरे में ब्रेल-सक्षम और स्पर्श-संवेदनशील पैनल लगाने का पहला चरण पूरा हो सका।
दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को मिलेगी अधिक स्वतंत्रता
मंदिर परिसर में लगाए गए पैनल स्पर्श और ब्रेल लिपि के माध्यम से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे। इससे दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को रास्तों की पहचान करने और बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के अधिक स्वतंत्रता एवं आत्मविश्वास के साथ मंदिर परिसर में आवागमन करने में सहायता मिलेगी।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य मंदिर की मौजूदा व्यवस्थाओं में सुगमता को शामिल करते हुए यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक श्रद्धालु भगवान श्रीराम के दर्शन का अनुभव सम्मान और सहजता के साथ कर सके।
सरयू घाट पर प्रज्वलित किए गए 1.5 लाख दीप
डिजिटल अभियान में देशभर के श्रद्धालुओं की भागीदारी को जमीनी स्तर पर उत्सव का रूप देते हुए मंगलदीप ने उद्घाटन के दिन सरयू घाट पर 1.5 लाख दीये प्रज्वलित किए। अभियान के तहत प्रत्येक डिजिटल भागीदारी के साथ एक दीया जलाने की परिकल्पना की गई थी। इस तरह लाखों श्रद्धालुओं की व्यक्तिगत आस्था सामूहिक भक्ति और प्रकाश के उत्सव में बदल गई।
आईटीसी मंगलदीप की इस पहल को धार्मिक स्थलों पर समावेशिता और सुगम्यता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। इसका संदेश है कि भगवान की भक्ति और दर्शन का अधिकार प्रत्येक श्रद्धालु के लिए समान रूप से सुलभ होना चाहिए।
