चिनहट पुलिस की कार्रवाई के विरोध में अयोध्या रोड के व्यापारियों का प्रदर्शन

व्यापारियों का आरोप- दुकानें बंद कराए जाने से कारोबार और रोजी-रोटी प्रभावित, अधिकारियों से कार्रवाई की मांग
 
ui0i

लखनऊ, 1 अक्टूबर 2026। अयोध्या रोड क्षेत्र के व्यापारियों ने चिनहट पुलिस की कार्यशैली के विरोध में प्रदर्शन किया। संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी अपनी शिकायत लेकर एसीपी विभूतिखंड और डीसीपी पूर्वी के कार्यालय पहुंचे। व्यापारियों के अनुसार, दोनों अधिकारी उस समय कार्यालय में उपलब्ध नहीं थे, जिसके बाद नाराज व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

व्यापारियों का आरोप है कि चिनहट पुलिस द्वारा उन्हें दुकानें खोलने से रोका जा रहा है और कई दर्जनों दुकानों को बंद कराया गया है। उनका कहना है कि पुलिस की इस कार्रवाई से वैध रूप से कारोबार करने वाले व्यापारियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो रहा है।

सड़क से अंदर स्थित दुकानों पर भी कार्रवाई का आरोप

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि चिनहट पुलिस आए दिन बिना उचित कारण के दुकानदारों को परेशान करती है। उनका कहना है कि सड़क से अंदर स्थित दुकानों को भी बंद कराया जा रहा है, जबकि क्षेत्र में यातायात की समस्या का प्रमुख कारण उनके अनुसार सड़क पर अवैध रूप से सवारी भरने वाले वाहन हैं।व्यापारियों ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यातायात व्यवस्था से जुड़ी कार्रवाई में वैध कारोबार करने वाले दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

ji90i

कारोबार करने की अनुमति देने की मांग

अयोध्या रोड व्यापार मंडल के अध्यक्ष रतन दास ने कहा कि पुलिस प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई करे, लेकिन व्यापारियों को शांतिपूर्वक अपना कारोबार करने का अवसर भी दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई नहीं होनी चाहिए जिससे व्यापारियों और उनके परिवारों की रोजी-रोटी प्रभावित हो।

व्यापारियों ने अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर उचित समाधान निकालने और दुकानों को लेकर उत्पन्न स्थिति की जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान अध्यक्ष रतन दास, उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, शत्रुघ्न प्रसाद, सचिव निर्भय सिंह, संरक्षक संजय दीक्षित, उपाध्यक्ष राकेश सिंह, प्रभात राय, सोनू विश्वकर्मा, सुरेश मोदी, प्रशांत सिंह, धर्मेंद्र सिंह, मोहम्मद अशरफ, संजय कुमार, आकाश राजपूत, सौरभ कुमार, विनायक निषाद और बनवारी लाल मोदी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Tags