अयोध्या में 30 लाख दीपों से जगमगाने की तैयारी, राम की पैड़ी पर पर्यटकों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

23.68 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हुआ राम की पैड़ी का नया स्वरूप, ओपन एयर थिएटर, विजिटर गैलरी और सेल्फी प्वाइंट बने आकर्षण

 
अयोध्या में 30 लाख दीपों से जगमगाने की तैयारी, राम की पैड़ी पर पर्यटकों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

लखनऊ/अयोध्या, 5 नवंबर। दीपोत्सव-2026 के अवसर पर रामनगरी अयोध्या 30 लाख दीपों से रोशन होने की तैयारी में है। इस बीच सरयू नदी के किनारे स्थित राम की पैड़ी को भी नए पर्यटन आकर्षण के रूप में विकसित किया गया है। यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अब विजिटर गैलरी, सेल्फी प्वाइंट, दर्शक दीर्घा और ओपन एयर थिएटर जैसी सुविधाओं का अनुभव मिल रहा है।

करीब 23.68 करोड़ रुपये की लागत से पूरी की गई इस परियोजना के तहत राम की पैड़ी परिसर को नया स्वरूप दिया गया है। इसमें आकर्षक प्रवेश द्वार, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच, म्यूरल वॉल और पत्थरों से बनी कलात्मक संरचनाएं तैयार की गई हैं। इन सुविधाओं से धार्मिक पर्यटन के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

ओपन एयर थिएटर और विजिटर गैलरी बने पर्यटकों के आकर्षण

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के अंतर्गत पर्यटन विभाग की ओर से राम की पैड़ी का विकास परियोजना के दूसरे चरण में कराया गया है। इसके तहत ओपन एयर थिएटर के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए विशेष मंच बनाया गया है।

कार्यक्रमों को देखने के लिए दर्शक दीर्घा विकसित की गई है। इसके अलावा विजिटर गैलरी और सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किए गए हैं। इन व्यवस्थाओं से पर्यटकों को राम की पैड़ी परिसर को करीब से देखने और यहां आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

पत्थर की छतरियां और ज्योति दीप बढ़ाएंगे परिसर की सुंदरता

राम की पैड़ी को आकर्षक बनाने के लिए निर्माण कार्यों में पारंपरिक कलात्मकता का भी ध्यान रखा गया है। परिसर में छह स्टोन छतरियां और छह स्टोन ज्योति दीप स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही पत्थर के स्तंभ, प्लांटर और जालियां भी बनाई गई हैं।

पर्यटकों की सुविधा के लिए परिसर में हरित क्षेत्र विकसित किया गया है और दिशा सूचक लगाए गए हैं। इसके अलावा शिलालेख तथा आकर्षक प्रकाश व्यवस्था का काम भी कराया गया है। म्यूरल वॉल सहित अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों से राम की पैड़ी का स्वरूप और निखरा है।

दीपोत्सव के साथ पूरे साल पर्यटकों को मिलेगा लाभ

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सरयू तट पर विकसित की गई नई सुविधाएं अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाएंगी। दीपोत्सव के दौरान यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में नई व्यवस्थाएं धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को विस्तार देने में सहायक होंगी।

उन्होंने बताया कि इन सुविधाओं का लाभ केवल दीपोत्सव-2026 तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वर्षभर अयोध्या आने वाले पर्यटक भी इनका आनंद ले सकेंगे। ओपन एयर थिएटर, दर्शक दीर्घा और म्यूरल वॉल जैसे आकर्षण राम की पैड़ी को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद करेंगे।

आध्यात्मिक विरासत से पर्यटकों को जोड़ने की पहल

अपर मुख्य सचिव एवं महानिदेशक पर्यटन अमृत अभिजात ने बताया कि अयोध्या में पर्यटन विकास का उद्देश्य केवल बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि यहां आने वाले लोगों को शहर की आध्यात्मिक विरासत, सांस्कृतिक परंपराओं और सरयू तट के प्राकृतिक सौंदर्य से जोड़ना भी है।

उन्होंने कहा कि राम की पैड़ी पर तैयार ओपन एयर थिएटर और दर्शक दीर्घा जैसे स्थल सांस्कृतिक आयोजनों को नया मंच प्रदान करेंगे। वहीं विकसित परिसर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अयोध्या की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा यादगार अनुभव देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Tags