खानम आर्ट गैलरी में ‘बहारे हुनर 2026’ का भव्य आगाज, न्यायमूर्ति सुधीर नारायण ने किया प्रदर्शनी का उद्घाटन
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में रोटरी क्लब के वकार उस्मानी, डॉ. सुबिया करीम अंसारी, हमीदिया गर्ल्स डिग्री कॉलेज की पूर्व प्राचार्या युसुफा नफीस, प्राचार्या नसीहा उस्मानी, राज्य ललित कला अकादमी के सदस्य एवं प्रख्यात कलाकार रवीन्द्र कुशवाहा, एमिनेंट आर्टिस्ट तलत महमूद, मशहूर गैलरी निदेशक डॉ. ज़ाहेदा खानम, डॉ. सारा मुख्तार तथा सैयद मुशर्रफ उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी में देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़े कलाकारों की आकर्षक पेंटिंग्स को एक साथ प्रदर्शित किया गया है। कला प्रेमियों के लिए इन कृतियों की बिक्री की भी व्यवस्था की गई है। प्रदर्शनी को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए चैरिटी कार्यक्रम भी रखा गया है। बिक्री होने वाली प्रत्येक पेंटिंग की 40 प्रतिशत आय शिक्षा एवं कला से जुड़े चैरिटी कार्यक्रमों में दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए पर्यावरण, लोक कला तथा गैलरी की प्रसिद्ध ‘आजादी आर्ट कॉम्पिटिशन’ सहित विभिन्न कला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र, ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में रवीन्द्र कुशवाहा, तलत महमूद और डॉ. ज़ाहेदा खानम शामिल रहीं।
कार्यक्रम का संचालन तलत महमूद ने किया। उपस्थित अतिथियों का बैच, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
खानम आर्ट गैलरी का सबसे प्रतीक्षित कार्यक्रम ‘बहारे हुनर विद संगम वूमेन’ भी आज से शुरू होगा। इसमें शहर की महिलाएं अपनी कला, क्राफ्ट और हाथ से तैयार किए गए आकर्षक एवं कलात्मक उत्पादों को प्रदर्शनी में प्रस्तुत कर रही हैं। यह आयोजन कला, रचनात्मकता, महिला प्रतिभा और सामाजिक सरोकारों को एक मंच पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
