बाल निकुंज के शतरंज खिलाड़ियों ने लखनऊ को बनाया मंडलीय ऑल ओवर चैंपियन

अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में लखनऊ ने जीते स्वर्ण पदक, बाल निकुंज के पांच खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
 
 cghf

लखनऊ, 2 सितंबर। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, हरदोई में बुधवार को मंडलीय माध्यमिक विद्यालयीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लखनऊ की टीम ने बालक और बालिका दोनों वर्गों के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए और मंडलीय स्तर पर ऑल ओवर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

लखनऊ की इस उपलब्धि में बाल निकुंज विद्यालय डे-बोर्डिंग, मोहिबुल्लापुर और बाल निकुंज इंटर कॉलेज, लखनऊ के खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही। अंडर-14 बालिका वर्ग में बाल निकुंज विद्यालय डे-बोर्डिंग की जिज्ञासा वर्मा ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

वहीं अंडर-17 वर्ग के बालक और बालिका वर्ग में बाल निकुंज इंटर कॉलेज के हर्षित कुशवाहा और वर्षा चौधरी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-19 के बालक और बालिका वर्ग में भी बाल निकुंज इंटर कॉलेज के उमंग चौरसिया और वंशिका रावत ने गोल्ड मेडल जीतकर विद्यालय के साथ-साथ अपने माता-पिता का नाम रोशन किया।

खिलाड़ियों की इस सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर क्रीड़ा प्रशिक्षक एवं कोच धीरेन्द्र कुमार का उत्साह भी बढ़ा। उनकी मेहनत और मार्गदर्शन को विद्यालय परिवार ने सराहा।

प्रतियोगिता में मिली ऐतिहासिक सफलता की जानकारी मिलते ही बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस, लखनऊ के प्रबंध निदेशक एच.एन. जयसवाल ने सभी पांचों शतरंज मेधावियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कोच धीरेन्द्र कुमार के प्रयासों की भी सराहना की।

विद्यालय के कॉलेज कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, प्रधानाचार्या भगवती भंडारी और इंचार्ज रीना पांडे ने भी सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

उल्लेखनीय है कि स्वर्ण पदक जीतने वाली तीनों बालिका खिलाड़ी राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए चयनित कर ली गई हैं। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि राज्य स्तर पर भी ये खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और लखनऊ का नाम रोशन करेंगी।

— ओ.पी. वर्मा
मीडिया प्रभारी, बाल निकुंज, लखनऊ

Tags