बलिया: कुरेजी और जोगीडीह के बीच खेतों में भीषण आग, 5 बीघा डंठल जलकर राख; फायर ब्रिगेड पर भड़के ग्रामीण

Ballia: Massive Fire in Fields Between Kureji and Jogidih; 5 Bighas of Crop Stubble Reduced to Ashes; Villagers Outraged at Fire Brigade
 
l'op
गड़वार (बलिया) | 19 अप्रैल 2026: गड़वार थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुरेजी और जोगीडीह गांव के सिवान में रविवार को अज्ञात कारणों से लगी आग ने भारी हड़कंप मचा दिया। भीषण गर्मी और तेज हवाओं के बीच आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे खेतों में रखा लगभग 5 बीघा गेहूं का डंठल जलकर खाक हो गया।

घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

आग की लपटें उठती देख आसपास के गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर, पानी के पंप और पारंपरिक तरीकों से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की मुस्तैदी की वजह से आग पास के अन्य खेतों तक फैलने से बच गई, वरना नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। यह डंठल किसानों ने पशुओं के लिए भूसा बनाने के उद्देश्य से छोड़ रखा था।

पुलिस पहुंची, पर नदारद रही फायर ब्रिगेड

घटना की जानकारी मिलते ही गड़वार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष देखने को मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि आग लगने की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड विभाग को दी गई थी, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची।

किसानों का नुकसान

पशुपालकों और किसानों के लिए यह डंठल काफी कीमती था, क्योंकि इसी से साल भर के लिए चारे का भंडारण किया जाता है। आग की इस घटना से किसानों की मेहनत और पशुओं के चारे का संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अग्निकांड की घटनाओं को रोकने के लिए दमकल विभाग की सक्रियता बढ़ाने की मांग की है।

Tags