बलरामपुर: महाराणा प्रताप वनवासी छात्रावास समिति की बैठक, आर्थिक सहयोग पर हुआ मंथन
बलरामपुर। महाराणा प्रताप वनवासी छात्रावास संचालन समिति की बैठक गुरुवार की शाम वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जिला उपाध्यक्ष आद्या सिंह के आवास पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति की संरक्षक डॉ. कौशल्या गुप्ता ने की, जबकि कार्यवाही की जानकारी विभाग मंत्री सचिन जी ने प्रस्तुत की।
बैठक में संचालन समिति के अध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन ने छात्रावास के निर्माणाधीन स्टडी रूम को पूरा करने में आ रही वित्तीय दिक्कतों का जिक्र किया। इस पर महामंत्री इंदुभूषण जायसवाल ने सुझाव दिया कि संभावित दानदाताओं से शीघ्र संपर्क स्थापित किया जाए। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश पहवा ने कुछ दानदाताओं के नाम भी प्रस्तावित किए।
संगठन प्रमुख सचिन जी ने सुझाव रखा कि छात्रावास निर्माण पूरा होने के बाद दानदाताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया जाए, जिसे सभी सदस्यों ने सहर्ष स्वीकार किया। कोषाध्यक्ष मंगल बाबू ने भी तत्काल दानदाताओं से जुड़ने और आर्थिक समस्या का समाधान निकालने की आवश्यकता पर जोर दिया।
महामंत्री जायसवाल और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पहवा ने सुझाव दिया कि दानदाताओं का सम्मान समारोह दशहरा और दीपावली से पहले आयोजित करना उचित रहेगा। बैठक में उपस्थित वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुंवर जय सिंह, प्रचार प्रमुख अखिलेश्वर तिवारी तथा वरिष्ठ सदस्य सभासद राघवेंद्र प्रताप सिंह मंटू ने भी अपने विचार रखे।
सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने एकमत से निर्णय लिया कि निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए संभावित दानदाताओं से आर्थिक सहयोग जुटाया जाए तथा निर्माण उपरांत सम्मान समारोह आयोजित कर सहयोगियों को सम्मानित किया जाए।
