बलरामपुर: संघ शताब्दी वर्ष कार्यक्रम को लेकर संकल्प बैठक आयोजित
बलरामपुर। जनपद बलरामपुर स्थित एमएलके पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम सभागार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष (2025-26) के आयोजन को लेकर संकल्प बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता विभाग संघचालक सौम्य अग्रवाल ने की, जबकि जिला संघचालक अभिमन्यु भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (पूर्वी उत्तर प्रदेश) के क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए संघ की 1925 से 2025 तक की 100 वर्ष की गौरवपूर्ण यात्रा का स्मरण कराया। उन्होंने कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष में पूरे देशभर में सात प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से पंच परिवर्तन (कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वजागरण एवं नागरिक कर्तव्य) पर विशेष बल दिया जाएगा।
शताब्दी वर्ष के प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा
-
विजयादशमी 2025 से शताब्दी वर्ष की शुरुआत होगी। इस अवसर पर सभी नगरों व खंड स्तर पर स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में पथ संचलन करेंगे।
-
5 से 16 नवंबर 2025 तक सामाजिक सद्भाव पर संगोष्ठी व बैठकों का आयोजन होगा, जिसमें सांस्कृतिक मूल्यों के साथ आधुनिक जीवन जीने का संदेश दिया जाएगा।
-
1 से 21 दिसंबर 2025 तक बड़े स्तर पर “हर गांव, हर बस्ती, घर-घर” संपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसमें संघ साहित्य और पत्रक वितरित किए जाएंगे।
-
1 से 31 जनवरी 2026 के बीच सभी मंडलों व बस्तियों में हिन्दू सम्मेलन आयोजित होंगे, जिनका उद्देश्य सामाजिक एकता, सद्भाव और राष्ट्र निर्माण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित करना रहेगा।
-
23 से 28 फरवरी 2026 तक खंड/नगर स्तर पर प्रमुख जनगोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें राष्ट्रीय मुद्दों पर सार्थक विमर्श किया जाएगा।
-
1 से 10 सितंबर 2026 तक युवाओं (15–30 वर्ष आयु वर्ग) के लिए युवराष्ट्र कार्यक्रम होंगे, जिनमें राष्ट्र निर्माण, सेवा और पंच परिवर्तन को केंद्र में रखा जाएगा।
-
25 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक शाखा विस्तार अभियान चलाया जाएगा।
सुभाष ने कहा कि संघ की 100 वर्ष की यात्रा हिन्दू समाज के पुनर्जागरण को समर्पित रही है। समाज को संगठित करना संघ का प्रमुख लक्ष्य है और शाखाओं व विविध गतिविधियों के माध्यम से यह प्रयास निरंतर जारी है। संकल्प बैठक में जिला प्रचारक जितेंद्र, जिला कार्यवाह किरिट मणि, नगर प्रचारक रणवीर, विभाग कार्यवाहक अमित, विभाग प्रचार प्रमुख मनीष गुप्ता, नगर संघचालक देव प्रकाश, संस्कार भारती जिलाध्यक्ष देव कुमार मिश्रा, सेवा भारती विभाग अध्यक्ष बीडी जायसवाल, सेवा भारती जिलाध्यक्ष रूपेश मिश्रा, जिला प्रचार प्रमुख मोहनीश पाठक सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

