बलरामपुर: एमएलके पीजी कॉलेज में दो दिवसीय वित्तीय साक्षरता एवं कैरियर जागरूकता कार्यशाला का शुभारंभ

Balrampur: Two-day financial literacy and career awareness workshop inaugurated at MLK PG College
 
Balrampur: Two-day financial literacy and career awareness workshop inaugurated at MLK PG College
बलरामपुर। एमएलके पीजी कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग में शुक्रवार से एनआईएसएम (National Institute of Securities Markets) द्वारा संचालित एवं भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) समर्थित दो दिवसीय “वित्तीय साक्षरता एवं कैरियर जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम” की शुरुआत की गई।
7 नवंबर को आयोजित प्रथम दिवस का प्रशिक्षण कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे.पी. पांडेय की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन ने स्वागत भाषण देते हुए इस कार्यशाला के उद्देश्य, महत्व और विद्यार्थियों के भविष्य में वित्तीय जागरूकता की भूमिका पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में प्राचार्य प्रो. जे.पी. पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में वित्तीय साक्षरता अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों को सुरक्षित, विवेकपूर्ण और समझदारीपूर्ण निवेश निर्णय लेने में मदद करेगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को निवेश की मूल अवधारणाओं, वित्तीय लेनदेन के प्रति सतर्कता एवं निवेश से जुड़ी संभावनाओं से परिचित कराना है।
पहले दिन विद्यार्थियों को बचत और निवेश में अंतर, चक्रवृद्धि ब्याज का प्रभाव, लक्ष्य आधारित निवेश, म्यूचुअल फंड, इक्विटी-डेट निवेश, वैकल्पिक निवेश कोष (AIFs), डिमैट/ट्रेडिंग अकाउंट प्रक्रिया, केवाईसी और ब्रोकरेज चयन जैसी बुनियादी एवं व्यावहारिक जानकारियाँ प्रदान की गईं। सत्र के दौरान आदर्श कुमार मिश्रा ने कहा कि वित्तीय साक्षरता युवाओं को जिम्मेदार और जागरूक निवेशक बनने की दिशा में प्रेरित करती है।
S e
कार्यशाला के दूसरे दिन विद्यार्थियों को प्रतिभूति बाजार में कैरियर संभावनाओं, एनआईएसएम सर्टिफिकेट्स, निवेशक सुरक्षा उपायों और शिकायत निवारण प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिव महेंद्र सिंह ने किया।
इस प्रशिक्षण में एमएससी बॉटनी तथा बीएससी पंचम सेमेस्टर के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभाग के शिक्षक डॉ. मोहम्मद अकमल, श्रवण कुमार, राहुल यादव, राहुल कुमार, डॉ. वीर प्रताप सिंह, सौम्या शुक्ला, राशी सिंह एवं रिया पांडेय उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों ने इसे अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक बताया तथा दूसरे दिन के सत्र को लेकर उत्सुकता व्यक्त की।

Tags