बलरामपुर-गोण्डा में बहेगी सुरों की बांसुरी — युवाओं में शास्त्रीय संगीत के प्रति जागरण की अनूठी पहल
A flute of melodies will flow in Balrampur-Gonda – a unique initiative to awaken the youth towards classical music
Sun, 9 Nov 2025
उत्तर प्रदेश संस्कृति मंत्रालय, स्पिक मैके तथा भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 12 से 15 नवंबर के बीच बलरामपुर एवं गोण्डा जिले में शास्त्रीय संगीत की सुरमयी छटा बिखरेगी। इस दौरान कुल चार दिनों में आठ शैक्षिक संस्थानों में प्रख्यात बांसुरी वादक एवं संगीत नाटक अकादमी अवार्ड से सम्मानित कलाकार चेतन जोशी अपना बांसुरी वादन प्रस्तुत करेंगे।
यह जानकारी स्पिक मैके देवीपाटन एवं बस्ती मंडल के ग्रुप कोऑर्डिनेटर लेफ्टिनेंट डॉ. देवेंद्र कुमार चौहान ने दी। उन्होंने बताया कि युवाओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत, संस्कृति एवं सभ्यता से जोड़ने के उद्देश्य से स्पिक मैके उत्तर प्रदेश संगठन द्वारा पूरे प्रदेश में 500 शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इन आयोजनों के माध्यम से विभिन्न विधाओं के नामी कलाकार विद्यालयों में जाकर अपने व्याख्यान, संवाद एवं प्रस्तुति के जरिए शास्त्रीय संगीत की महत्ता से विद्यार्थियों को अवगत कराएंगे और उन्हें इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित भी करेंगे।
इसी अभियान के द्वितीय चरण में बलरामपुर व गोण्डा क्षेत्र के आठ विद्यालयों में बांसुरी वादन का आयोजन निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम की तिथियां इस प्रकार हैं —
12 नवम्बर: इन्द्रकुवरी स्मारक इंटर कॉलेज इटियाथोक गोण्डा / मॉडर्न पब्लिक स्कूल पटेल नगर गोण्डा
13 नवम्बर: श्री लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज गोण्डा / सिद्धिविनायक स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोण्डा
14 नवम्बर: शारदा पब्लिक स्कूल बलरामपुर / एम कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल कैलाशगढ़ गुलहरियाघाट
15 नवम्बर: जवाहर नवोदय विद्यालय बलरामपुर / एमएलके पीजी कॉलेज बलरामपुर
डॉ. चौहान ने बताया कि अगले चरण में श्रावस्ती एवं बहराइच जिले के आठ विद्यालयों में भी इसी तरह के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। उन्होंने शैक्षिक संस्थानों से छात्रों के सांस्कृतिक और नैतिक विकास हेतु सक्रिय सहयोग की अपील की।
बलरामपुर स्पिक मैके की संरक्षिका डॉ. नीरजा शुक्ला के मार्गदर्शन में यह पूरा कार्यक्रम संचालित किया जाएगा, जबकि सफल आयोजन की जिम्मेदारी सीनियर वॉलेंटियर एवं संयुक्त सचिव शिवम चौहान को सौंपी गई है।
