राष्ट्रपति को राखी बांधकर बलरामपुर की बेटियों ने बढ़ाया जिले का गौरव
राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में आदि शक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल तथा ब्रह्मानंद अवस्थी इंटर कॉलेज, मथुरा बाजार की छात्राओं ने सहभागिता की। देश की प्रथम नागरिक के समक्ष राखी बांधने का अवसर पाकर छात्राओं में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।

छात्राओं ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व पर राष्ट्रपति से प्रत्यक्ष मुलाकात कर उन्हें राखी बांटना उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव है। इस मुलाकात ने उन्हें न केवल गौरवान्वित किया, बल्कि देश, समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की प्रेरणा भी दी।

विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों ने इस उपलब्धि को बलरामपुर के लिए गौरव का विषय बताया। उनका कहना है कि जिले की बेटियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी संस्कृति और प्रतिभा का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना उनके आत्मविश्वास को नई दिशा देता है।

विद्यालय परिवार ने इस अवसर के लिए डॉ. विशाल मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को ऐसे महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराने से उनके भीतर आगे बढ़ने और बड़े सपने देखने का आत्मविश्वास पैदा होता है।
डॉ. विशाल मिश्रा के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी वह बलरामपुर की प्रतिभाशाली बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए इसी तरह सकारात्मक पहल करते रहेंगे। जिले की छात्राओं को बेहतर अवसर दिलाने की दिशा में निरंतर प्रयासों से स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच मिल सकेगा।

राष्ट्रपति भवन में छात्राओं की इस विशेष मुलाकात की खबर क्षेत्र में पहुंचते ही लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने इसे बलरामपुर के लिए सम्मान और गौरव का क्षण बताते हुए छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
