बलरामपुर के प्रज्ज्वल गुप्ता ने राष्ट्रीय हॉकी में बढ़ाया जिले का मान, उत्तर प्रदेश टीम को दिलाया कांस्य पदक
बलरामपुर। बलरामपुर मॉडर्न इंटर कॉलेज, बलरामपुर के कक्षा 11 के छात्र प्रज्ज्वल गुप्ता ने झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित 69वीं नेशनल हॉकी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश टीम की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया और टीम को देश में तीसरा स्थान (कांस्य पदक) दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के तत्वावधान में 25 से 31 जनवरी तक रांची (झारखंड) में आयोजित हुई। प्रज्ज्वल का चयन जनपद, मंडल और प्रदेश स्तर की हॉकी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उत्तर प्रदेश टीम में हुआ था। उनके निरंतर परिश्रम और प्रतिभा का ही परिणाम है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सके।

जिला क्रीड़ा सचिव मोहम्मद सुहेल ने बताया कि प्रज्ज्वल गुप्ता जिले के अत्यंत होनहार और अनुशासित खिलाड़ी हैं। उत्तर प्रदेश की अंडर-17 हॉकी टीम ने इस बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश टीम के सभी खिलाड़ियों को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज द्वारा शीघ्र ही लखनऊ में 15-15 हजार रुपये की खेल प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

प्रज्ज्वल गुप्ता की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद, जिला कोषाध्यक्ष कुमेश सरोज, प्रधानाचार्य राकेश प्रताप सिंह, साधना पाण्डेय, अबुल हाशिम खान, अशोक कुमार पाण्डेय, मेजर वी. के. शुक्ला, वंदना वर्मा, मेजर हरि प्रकाश वर्मा, अंबरीश पाण्डेय, हेमंत कुमार तिवारी, व्यायाम शिक्षक पंकज पाण्डेय, मोहम्मद नसीम, सईद अहमद, अर्पण पाण्डेय, अभय शंकर, वी. पी. सैनी, मदन लाल, महेंद्र कुमार, उमेश कुमार, मोहम्मद शाहिद, राजेश श्रीवास्तव, प्रशांत सिंह, हॉकी कोच रश्मि सिंह, तौहीद अजदी सहित सैकड़ों गणमान्य लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।प्रज्ज्वल की यह उपलब्धि न केवल उनके विद्यालय और परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि बलरामपुर जिले के खेल प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य का भी प्रतीक है।
