यूपी ट्रेड शो में बलरामपुर के ‘राम मिष्ठान भंडार’ का जलवा, कलाकंद और नारियल बर्फी की रही भारी मांग
दो क्विंटल मिठाइयों का स्टॉक दो दिन में खत्म
ट्रेड शो में बलरामपुर के प्रसिद्ध कलाकंद और नारियल की बर्फी को लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली। अरविंद गुप्ता के अनुसार, वह बलरामपुर से करीब दो क्विंटल मिठाइयों का स्टॉक लेकर ट्रेड शो में पहुंचे थे, जो आयोजन के दूसरे दिन ही समाप्त हो गया। उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ स्टॉल पर लगातार खरीदारों और आगंतुकों की भीड़ बनी रही।

दिग्गज शेफ से मिले कारोबार विस्तार के सुझाव
आयोजन के दौरान अरविंद गुप्ता ने भारतीय पाक-कला जगत के वरिष्ठ शेफ और IFCA अध्यक्ष डॉ. शेफ मंजीत गिल तथा प्रसिद्ध सेलिब्रिटी शेफ निशांत चौबे से मुलाकात की। इस दौरान खाद्य उत्पादों के निर्माण की बारीकियों, स्वच्छता मानकों और मिष्ठान कारोबार को व्यापक स्तर पर विस्तार देने से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
अरविंद गुप्ता ने बताया कि दोनों शेफ ने बलरामपुर के पारंपरिक उत्पादों और उनके स्वाद की सराहना की तथा उत्पादों की गुणवत्ता, प्रस्तुति और कारोबार विस्तार को लेकर मार्गदर्शन दिया।
दिल्ली-एनसीआर से फ्रेंचाइजी की मांग
ट्रेड शो के दौरान दिल्ली-एनसीआर के कई कारोबारियों और खरीदारों ने राम मिष्ठान भंडार की फ्रेंचाइजी लेने में रुचि दिखाई। इसके अलावा आगामी नवरात्रि और दीपावली के मद्देनजर भी कई खरीदारों की ओर से बल्क ऑर्डर मिलने की बात सामने आई है।29 सितंबर को ट्रेड शो के समापन के साथ राम मिष्ठान भंडार ने बलरामपुर के पारंपरिक खाद्य उत्पादों को बड़े कारोबारी मंच पर प्रस्तुत किया। इससे स्थानीय मिष्ठान कारोबार को नए बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिला।
स्थानीय ब्रांड को विस्तार देने की तैयारी
अपनी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए अरविंद गुप्ता ने कहा, “जिला प्रशासन और उद्योग विभाग के सहयोग से मिले इस मंच ने हमारे स्थानीय ब्रांड को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। शेफ मंजीत गिल और शेफ निशांत चौबे से मिले मार्गदर्शन से हम अपने उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग को और बेहतर बनाकर देशभर में अपने ब्रांड का विस्तार करेंगे।”
ट्रेड शो में बलरामपुर के उत्पादों को मिली प्रतिक्रिया से जिले के छोटे उद्यमियों और खाद्य कारोबारियों में भी उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में ऐसे मंच महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

