बाराबंकी: मसौली शरीफ की खानकाह अलीया सदियों से आस्था और सूफी परंपरा का केंद्र, देश-विदेश से पहुंचते हैं जायरीन

Barabanki: The Khanqah-e-Aliya in Masauli Sharif has been a center of faith and Sufi tradition for centuries, drawing pilgrims from across the country and abroad.
 
बाराबंकी: मसौली शरीफ की खानकाह अलीया सदियों से आस्था और सूफी परंपरा का केंद्र, देश-विदेश से पहुंचते हैं जायरीन

बाराबंकी। जिले के मसौली शरीफ में स्थित खानकाह अलीया कादरिया रज्जाकिया इस्माइलिया अपनी समृद्ध धार्मिक परंपरा, ऐतिहासिक विरासत और सूफी संस्कृति के लिए विशेष पहचान रखती है। यह खानकाह लंबे समय से धार्मिक शिक्षा, आध्यात्मिक मार्गदर्शन और आपसी भाईचारे का संदेश देती आ रही है। यहां देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से भी जायरीन पहुंचते हैं।

बताया जाता है कि इस खानकाह की स्थापना हजरत सैयद शाह मीर मोहम्मद इस्माइल वारसी कादरी रज्जाकी रहमतुल्लाह अलैह ने की थी। उनका जन्म 1034 हिजरी में विलायमपुर शरीफ में हुआ था। बाद में वे मसौली शरीफ पहुंचे और यहीं रहकर धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों को आगे बढ़ाया। 13 जिलहिज्जा 1164 हिजरी को मसौली शरीफ में उनका विसाल हुआ।

खानकाह की धार्मिक और स्थापत्य विशेषताएं

खानकाह परिसर में मस्जिद-ए-अलिया और धार्मिक शिक्षा के लिए अल-जामिअतुल इस्माइलिया की व्यवस्था है। यहां पांच वक्त की नमाज अदा की जाती है और विद्यार्थियों को धार्मिक शिक्षा भी दी जाती है। परिसर में बने खूबसूरत गुंबद, मेहराब और दीवारों पर कुरान की आयतों की आकर्षक सुलेख कला इसकी खूबसूरती बढ़ाती है।

खानकाह की इमारत में पारंपरिक भारतीय-इस्लामी वास्तुकला की झलक दिखाई देती है। इसका मुख्य प्रवेश द्वार भी अपनी नक्काशी और सफेद रंग की सजावट के कारण आकर्षण का केंद्र है। धार्मिक वातावरण के साथ इसकी स्थापत्य शैली भी यहां आने वाले जायरीनों का ध्यान आकर्षित करती है।

सालभर आयोजित होते हैं धार्मिक कार्यक्रम

खानकाह में परंपरागत रूप से परचम कुशाई यानी ध्वजारोहण के साथ धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत होती है। इसके अलावा कुरान की तिलावत, नात, मनकबत और सूफी संतों की शान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

इन आयोजनों में देश के विभिन्न हिस्सों से इस्लामी विद्वान, मुफ्ती, उलेमा और दूसरी खानकाहों से जुड़े लोग शामिल होते हैं। धार्मिक विषयों पर तकरीर और विचार-विमर्श भी किया जाता है। खानकाह में धार्मिक शिक्षा पूरी करने वाले हाफिज, कारी और आलिमों की दस्तारबंदी कर उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान किए जाते हैं।

वर्तमान सज्जादानशीन संभाल रहे परंपरा की जिम्मेदारी

खानकाह की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपरा को वर्तमान सज्जादानशीन हजरत अल्लामा सैयद शाह गुलजार इस्माइल वारसी कादरी रज्जाकी इस्माइली जैदी हुसैनी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्हें ‘हुजूर गुलजार-ए-मिल्लत’ के नाम से भी जाना जाता है।

खानकाह आज भी धार्मिक शिक्षा, आध्यात्मिक मार्गदर्शन और सामाजिक सद्भाव का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। यहां आने वाले जायरीनों को प्रेम, भाईचारे, इंसानियत और आपसी सौहार्द का संदेश दिया जाता है। मसौली शरीफ की यह खानकाह अपनी ऐतिहासिक विरासत और सूफी परंपरा के माध्यम से क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध कर रही है।

Tags