बाथम वैश्य सभा लखनऊ का होली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न
लखनऊ। बाथम वैश्य सभा, Lucknow द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह माधव सभागार में बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के अनेक सदस्यों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने परिवार सहित भाग लेकर एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे सभागार में रंग, उमंग और आपसी सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि हरसरन लाल गुप्ता (चेयरमैन, राजधानी नगर सहकारी बैंक) द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि Holi केवल रंगों का त्योहार ही नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है।
इस अवसर पर सभा के संरक्षक रामचंद्र गुप्ता और अरुण कुमार ने समाज की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सहेजने पर बल दिया। वहीं सभा के अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने कहा कि ऐसे होली मिलन कार्यक्रम समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी संबंधों को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ते हैं।

कार्यक्रम का संचालन महामंत्री मनीष गुप्ता और सुभाष गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान विकास, संजय, राजेंद्र गुप्ता, पीयूष गुप्ता, अजय गुप्ता, सुधीर, अनूप, मनोज, नवरतन लाल गुप्ता और प्रशांत गुप्ता ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
महिला सभा की अध्यक्ष रानी गुप्ता, पिंकी गुप्ता, लता, प्रीति और शिवा ने बताया कि समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी आकर्षक प्रस्तुतियां हुईं। गायन, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, वहीं बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों ने सभी का दिल जीत लिया। बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
समारोह के दौरान समाज के वरिष्ठजनों और विशेष सहयोगकर्ताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही फूलों की होली खेलकर सभी ने इस पर्व का आनंद लिया, जिससे पूरा वातावरण रंगों और खुशियों से सराबोर हो गया। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने सभी अतिथियों और समाज के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए सभी को होली की शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने का संकल्प दोहराया।
