बदलते मौसम में रहें सावधान: ठंडे पानी, कोल्ड ड्रिंक से करें परहेज

Be careful in changing weather: Avoid cold water and cold drinks
 
बदलते मौसम में रहें सावधान: ठंडे पानी, कोल्ड ड्रिंक से करें परहेज
(सुभाष आनंद-विनायक फीचर्स)
गर्मी का मौसम अब अपने चरम पर पहुंचने लगा है। कई स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच रहा है। ऐसे में खान-पान और स्वास्थ्य को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बेहद जरूरी हो जाती है। मौसम के लगातार बदलते मिजाज को नजरअंदाज करना स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकता है।
सुबह और रात के समय अभी भी हल्की ठंडक महसूस होती है, जबकि दिन में तेज गर्मी पड़ रही है। तापमान के इस उतार-चढ़ाव के कारण शरीर जल्दी “गर्म-सर्द” की चपेट में आ जाता है। यही वजह है कि इन दिनों वायरल बुखार, पेट संक्रमण और डिहाइड्रेशन के मामले तेजी से बढ़ते हैं।

किन चीजों से करें परहेज?

विशेषज्ञों के अनुसार बदलते मौसम में अत्यधिक ठंडा पानी, कोल्ड ड्रिंक, बर्फ वाले पेय और कृत्रिम एनर्जी ड्रिंक्स से बचना चाहिए। ये गले में खराश, सर्द-गर्म और पाचन संबंधी समस्याओं को बढ़ा सकते हैं।
इसके अलावा बाजार में मिलने वाले चाइनीज फूड, नूडल्स, स्प्रिंग रोल, मोमो, समोसे, कचौड़ी और पकौड़े जैसे खाद्य पदार्थ अक्सर निम्न गुणवत्ता के तेल और सामग्री से तैयार किए जाते हैं। बच्चों को विशेष रूप से इन चीजों से दूर रखना चाहिए।

क्या शामिल करें आहार में?

1. ताजा और सादा भोजन
बासी भोजन से बचें। गर्मी में बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ जाता है।
2. गुनगुना या मटके का पानी
दिनभर गुनगुना या मटके का पानी पीना पाचन के लिए लाभकारी माना जाता है।
3. हल्का और पौष्टिक आहार
दही, लस्सी, छाछ, नींबू पानी, मौसमी फल और हरी सब्जियाँ शरीर को ठंडक और ऊर्जा प्रदान करती हैं।
4. पेट के लिए लाभकारी घरेलू उपाय
पुदीने की चटनी, सौंफ और अजवाइन का पानी अपच और पेट की गर्मी से राहत दिलाने में मददगार हो सकते हैं।
5. चाय-कॉफी सीमित मात्रा में
अधिक चाय और कॉफी शरीर में गर्मी बढ़ा सकती हैं, इसलिए इनका सेवन सीमित रखें।

जरूरी सावधानियाँ

  • खाने से पहले हाथ साबुन या सैनिटाइजर से अवश्य धोएं।
  • बुजुर्गों और बच्चों को पर्याप्त तरल पदार्थ दें, क्योंकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेाकृत कम होती है।
  • पेट खराब होने पर बिना डॉक्टर की सलाह के बार-बार एंटीबायोटिक्स लेने से बचें।
  • मौसमी बुखार या संक्रमण को हल्के में न लें और तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
  • बरसात के मौसम से पहले डेंगू से बचाव की तैयारी करें। घर के आसपास पानी जमा न होने दें और पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें।

विशेषज्ञों की राय

आयुर्वेदिक चिकित्सक वेद प्रकाश के अनुसार सुबह की सैर और रात में हल्का भोजन शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है। वहीं डॉ. एकांत आनंद का कहना है कि गर्मी में होने वाली बीमारियाँ कई बार सर्दियों की बीमारियों से अधिक गंभीर साबित होती हैं, इसलिए बचाव ही सबसे प्रभावी उपाय है।
बदलते मौसम में थोड़ी सी सावधानी आपको और आपके परिवार को कई बीमारियों से सुरक्षित रख सकती है। संतुलित खान-पान, साफ-सफाई और पर्याप्त पानी का सेवन स्वस्थ जीवन की कुंजी है। (विनायक फीचर्स)

Tags