संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू होने से पहले आज केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक, महिला आरक्षण और परिसीमन पर हो सकती है चर्चा

30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा की बैठकें प्रस्तावित, महिला आरक्षण कानून लागू करने से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर टिकी निगाहें

 
संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू होने से पहले आज केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक, महिला आरक्षण और परिसीमन पर हो सकती है चर्चा

नई दिल्ली। संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू होने से पहले शुक्रवार, 27 नवंबर को केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई गई है। यह बैठक दोपहर एक बजे होगी। सूत्रों के मुताबिक, इसमें परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा होने की संभावना है। संसद में आगामी बैठकों के दौरान महिला आरक्षण कानून को लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाने के कयास लगाए जा रहे हैं।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जानकारी दी है कि केंद्र सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष से 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक सदन की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। वहीं, राज्यसभा के सभापति से 2 और 3 दिसंबर को सदन की कार्यवाही आयोजित करने की अपील की गई है। इसके बाद दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

लोकसभा चार दिन, राज्यसभा दो दिन चलेगी

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चार दिनों के लिए चलेगी। वहीं राज्यसभा की बैठक 2 और 3 दिसंबर को होगी। हालांकि, इसे तकनीकी रूप से संसद का नया विशेष सत्र नहीं माना जा रहा है। दरअसल, मानसून सत्र के दौरान 13 अगस्त को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी, लेकिन सत्र का औपचारिक समापन नहीं हुआ था। ऐसे में उसी सत्र की कार्यवाही आगे बढ़ाई जा रही है।

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पर नजर

आगामी संसदीय बैठकों में महिला आरक्षण कानून को लागू करने के लिए परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने अभी सदन के विस्तृत एजेंडे का खुलासा नहीं किया है। यदि इस विधेयक को संसद में पेश किया जाता है तो महिला आरक्षण के क्रियान्वयन और लोकसभा की सीटों के पुनर्निर्धारण से जुड़े मुद्दे चर्चा के केंद्र में रह सकते हैं।

अमित शाह ने भी दिए थे संकेत

इससे पहले संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई थी। उन्होंने कहा था कि सरकार इस विधेयक को जल्द से जल्द लाने और पारित कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके बयान के बाद संसद की आगामी बैठकों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

दो-तिहाई बहुमत के आंकड़ों पर भी चर्चा

महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर संसद में आवश्यक समर्थन जुटाने की राजनीतिक कोशिशों पर भी निगाहें हैं। संविधान संशोधन के लिए संसद में विशेष बहुमत की आवश्यकता होती है। ऐसे में विभिन्न राजनीतिक दलों के रुख और सांसदों के समर्थन को लेकर चर्चाएं जारी हैं। फिलहाल, केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक और संसद की आगामी कार्यवाही से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि सरकार महिला आरक्षण तथा परिसीमन के मुद्दे पर आगे क्या कदम उठाने जा रही है।

Tags