पायनियर पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया भाई दूज का पर्व
मेहंदी प्रतियोगिता और हाउस बोर्ड सजावट कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
बलरामपुर। पायनियर पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज, कालीथान, बलरामपुर में 11 नवंबर 2026 को भाई दूज का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. एम.पी. तिवारी, कोषाध्यक्ष श्रीमती मीता तिवारी, प्रबंधक इंजीनियर आकाश तिवारी, निदेशक श्रीमती प्रकृति तिवारी, उप प्रधानाचार्या श्रीमती शिखा पाण्डेय और मुख्य समन्वयक श्री सलिल सेठ सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक डॉ. एम.पी. तिवारी ने विद्यार्थियों को भाई दूज के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाई दूज दीपावली के पांच दिवसीय पर्व का अंतिम दिन है। इसे यम द्वितीया भी कहा जाता है। यह त्योहार भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक है। इस दिन बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं तथा उन्हें भोजन कराकर उपहार देती हैं।
उन्होंने यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ी पौराणिक कथा भी सुनाई। मान्यता के अनुसार, कार्तिक शुक्ल द्वितीया के दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। यमुना ने उनका स्वागत-सत्कार कर भोजन कराया। प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा। यमुना ने वर मांगा कि इस दिन जो बहन अपने भाई को तिलक लगाकर भोजन कराए, उसे यमराज का भय न रहे। यमराज ने बहन को यह वरदान दिया। इसी मान्यता के साथ भाई दूज का पर्व मनाया जाता है।

मेहंदी प्रतियोगिता में आस्था ने हासिल किया पहला स्थान
भाई दूज के अवसर पर विद्यालय में मेहंदी प्रतियोगिता और हाउस बोर्ड सजावट कार्यक्रम आयोजित किए गए। मेहंदी प्रतियोगिता में कुदसिया, मान्या, काजल, आस्था, श्वेता, अर्पिता और आशमा सहित कई छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में आस्था ने प्रथम, अर्पिता ने द्वितीय और मान्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
हाउस बोर्ड सजावट प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने रचनात्मकता और कलात्मक कौशल का परिचय दिया। गांधी हाउस की ओर से वैष्णवी, मरियम और ख्याति, टैगोर हाउस से मेधावी, सादिक, श्लोक और अविनाश, सुभाष हाउस से सोयब, आशी, पलक और तृप्ति तथा आजाद हाउस से वर्षान और मानवी ने आकर्षक ढंग से हाउस बोर्ड सजाए। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने समूह नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। प्रबंध निदेशक डॉ. एम.पी. तिवारी ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
