इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में बड़ा बदलाव: अब 11वीं-12वीं के छात्र भी कर सकेंगे नामांकन
(लखनऊ ब्यूरो – आर. एल. पाण्डेय)
देशभर में नवाचारी और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने वाली प्रधानमंत्री इंस्पायर अवार्ड मानक योजना को लेकर एक अहम घोषणा की गई है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए इस योजना की पात्रता सीमा का विस्तार कर दिया गया है, जिससे अब कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थी भी इसमें भाग ले सकेंगे। पहले तक यह योजना केवल कक्षा 6 से 10 तक के छात्रों के लिए सीमित थी।
अब इंटरमीडिएट के छात्र भी दिखा सकेंगे वैज्ञानिक प्रतिभा
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST), भारत सरकार के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान (NIF) द्वारा संचालित इस योजना में अब सभी मान्यता प्राप्त बोर्डों के कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थी भी अपने नवाचारी विचारों को नामांकित कर सकेंगे।
लखनऊ मंडल के मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस निर्णय का उद्देश्य अधिक से अधिक छात्रों को वैज्ञानिक नवाचार के लिए प्रेरित करना है। साथ ही, इससे समाजोपयोगी और व्यवहारिक परियोजनाएं सामने आने की संभावनाएं और अधिक बढ़ जाएंगी।
15 जून से शुरू होंगे नामांकन
इस योजना के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया 15 जून 2025 से प्रारंभ होगी। इच्छुक विद्यालय और विद्यार्थी योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://inspireawards-dst.gov.in पर जाकर अपने वैज्ञानिक मॉडल या विचार प्रस्तुत कर सकते हैं।
सभी जनपदों को निर्देश जारी
संयुक्त शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डॉ. प्रदीप कुमार ने लखनऊ मंडल के अंतर्गत आने वाले हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, उन्नाव और रायबरेली के जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) को निर्देशित किया है कि वे पात्रता विस्तार की जानकारी का प्रभावी प्रचार-प्रसार करें। साथ ही, गुणात्मक और मौलिक विचारों को नामांकित कराने के लिए विद्यालयों को सक्रिय करें।
समय रहते करें तैयारी
डॉ. दिनेश कुमार ने विद्यालयों को सलाह दी है कि वे नामांकन की प्रक्रिया को समय से पहले प्रारंभ करें ताकि अंतिम समय में सर्वर से संबंधित किसी भी समस्या से बचा जा सके।

