किसान आंदोलन की विरासत को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम
A major step towards strengthening the legacy of the farmers' movement
Fri, 21 Nov 2025
गोसाईगंज (लखनऊ): भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) टिकैत के नेतृत्व में गोसाईगंज में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान स्थानीय किसान नेता मोहम्मद मोहसिन को संगठन का जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। यह निर्णय संगठन की जमीनी इकाई को और अधिक मजबूत करने तथा युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अमेठी सीमेंट स्टोर, खुजौली में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष आलोक वर्मा ने मोहसिन को नियुक्ति पत्र सौंपा। अमेठी नगर पंचायत के बाजार वार्ड निवासी मोहसिन लंबे समय से किसान समस्याओं और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पदभार ग्रहण करते हुए उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं किसानों की आवाज़ को और बुलंद करने के लिए निरंतर प्रयास करता रहूंगा, खासकर फसल मूल्य, सिंचाई की दिक्कतों और सरकारी योजनाओं के लाभ को प्रत्येक किसान तक पहुंचाने के लिए।”
नियुक्ति के अवसर पर जिला अध्यक्ष आलोक वर्मा ने कहा कि भाकियू टिकैत लगातार किसानों के हक़ और अधिकारों के लिए संघर्षरत है, और नई नियुक्तियों से संगठन की शक्ति एवं प्रभाव और बढ़ेगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं में गणेश शंकर वर्मा, आशीष वर्मा, मोहम्मद वसीम, सादाब खान (पूर्व प्रधान, बरुआ) समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस नियुक्ति के साथ ही लखनऊ के किसान समुदाय में नई ऊर्जा और उम्मीद का संचार हुआ है। भाकियू टिकैत जमीनी स्तर पर अपने संगठन को मजबूत करते हुए किसानों की हर लड़ाई में दृढ़ता से कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
