IPL 2027 से पहले बड़ा उलटफेर! मुंबई इंडियंस छोड़ पंजाब किंग्स में जाएंगे हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह से होगी अदला-बदली

हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह के ट्रेड की प्रक्रिया अंतिम चरण में, दोनों फ्रेंचाइजी ने BCCI को सौंपा एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट

 
हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह

आईपीएल 2027 से पहले खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस (MI) का साथ छोड़कर पंजाब किंग्स (PBKS) से जुड़ सकते हैं। वहीं, पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस की टीम में शामिल हो सकते हैं। दोनों खिलाड़ियों के बीच प्रस्तावित ट्रेड की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और अब केवल औपचारिकताएं बाकी बताई जा रही हैं।

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स ने इस ट्रेड को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) सौंप दिया है। इसके बाद दोनों फ्रेंचाइजी के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।

हार्दिक पांड्या ने ट्रेड के लिए दी सहमति

रिपोर्ट के अनुसार, हार्दिक पांड्या की ओर से फैसला लेने में कुछ समय मांगे जाने के कारण इस ट्रेड में थोड़ी देरी हुई थी। हालांकि, अब माना जा रहा है कि उन्होंने पंजाब किंग्स में शामिल होने के लिए अपनी सहमति दे दी है। अर्शदीप सिंह की सहमति भी मिलने की जानकारी सामने आई है।

आईपीएल के नियमों के मुताबिक, दोनों खिलाड़ियों की सहमति और उनकी फीस से जुड़ी शर्तों पर सहमति बनने के बाद फ्रेंचाइजी के बीच अनुबंधों का आदान-प्रदान किया जाता है। फिलहाल यही औपचारिक प्रक्रिया पूरी होना बाकी है। माना जा रहा है कि BCCI जल्द ही इस ट्रेड की आधिकारिक पुष्टि कर सकता है।

मुंबई इंडियंस को क्यों चाहिए अर्शदीप सिंह?

मुंबई इंडियंस लंबे समय से जसप्रीत बुमराह के साथ एक अनुभवी और प्रभावी तेज गेंदबाज की तलाश में है। पिछले आईपीएल सीजन में ट्रेंट बोल्ट और दीपक चाहर का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक प्रभावशाली नहीं रहा था।

ऐसे में अर्शदीप सिंह मुंबई के लिए अहम विकल्प साबित हो सकते हैं। वह नई गेंद से विकेट निकालने के साथ डेथ ओवरों में भी शानदार गेंदबाजी करने की क्षमता रखते हैं। भारतीय गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह के बाद अर्शदीप को नई गेंद और अंतिम ओवरों का एक मजबूत विकल्प माना जाता है।

पंजाब किंग्स में हार्दिक को नहीं मिलेगी कप्तानी?

हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स में शामिल होने के बाद उनकी कप्तानी को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। उन्होंने गुजरात टाइटंस की दो सीजन तक कप्तानी की थी, जबकि पिछले तीन वर्षों से मुंबई इंडियंस की कमान संभाल रहे हैं।

हालांकि, पंजाब किंग्स में कप्तानी की जिम्मेदारी फिलहाल श्रेयस अय्यर के पास है। पिछले दो सीजन में उन्होंने टीम का नेतृत्व किया है और अपने प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी भी हासिल की है। ऐसे में हार्दिक के लिए पंजाब में कप्तानी की भूमिका की संभावना कम नजर आती है। इसके बावजूद हार्दिक का अनुभव, ऑलराउंड क्षमता और युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने की काबिलियत पंजाब किंग्स के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है।

पहले खिताब की तलाश में पंजाब किंग्स

पंजाब किंग्स की टीम अब तक आईपीएल का खिताब जीतने में सफल नहीं रही है। टीम 2014 और 2025 में फाइनल तक पहुंची, लेकिन दोनों ही मौकों पर ट्रॉफी जीतने से चूक गई। ऐसे में हार्दिक पांड्या जैसे अनुभवी ऑलराउंडर का टीम से जुड़ना उसके खिताब जीतने के अभियान को मजबूती दे सकता है। फिलहाल हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह के ट्रेड को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। यदि यह सौदा पूरा होता है तो आईपीएल 2027 से पहले इसे सबसे बड़े खिलाड़ी ट्रेड में से एक माना जाएगा।

Tags