बाराबंकी में विकसित होगा बर्डिंग सर्किट, प्रवासी पक्षियों के दीदार के लिए संवरेंगी झीलें

वेटलैंड्स को इको टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी, बर्ड वॉचिंग टावर और नेचर ट्रेल्स बनाने की योजना

 
बाराबंकी में विकसित होगा बर्डिंग सर्किट, प्रवासी पक्षियों के दीदार के लिए संवरेंगी झीलें

बाराबंकी। लखनऊ के करीब प्रकृति प्रेमियों और पक्षी प्रेमियों को जल्द ही एक नया पर्यटन स्थल मिलने जा रहा है। बाराबंकी की झीलों, वेटलैंड्स और यहां आने वाले प्रवासी पक्षियों को पर्यटन से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। जिले में बर्डिंग सर्किट विकसित कर वेटलैंड्स को इको टूरिज्म केंद्र के रूप में पहचान दिलाई जाएगी। इसके लिए झीलों के संरक्षण के साथ बर्ड वॉचिंग टावर और नेचर ट्रेल्स जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

इस दिशा में वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर नवीन बनौधा के नेतृत्व में 14 और 15 नवंबर को सफेदाबाद स्थित शालीमार मन्नत के मंशा क्लब में दो दिवसीय फोटोग्राफी प्रदर्शनी 'Wetlands & Wetland Birds of Barabanki' का आयोजन किया गया। शनिवार को कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि आईएएस संजय कुमार, डायरेक्टर रूपम ने किया। इस अवसर पर उन्होंने 'Wetlands & Wetland Birds of Barabanki' पुस्तक का लोकार्पण भी किया।

प्रदर्शनी में बाराबंकी के वेटलैंड्स और वहां विचरण करने वाले प्रवासी पक्षियों की आकर्षक तस्वीरों के माध्यम से जिले की प्राकृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया। आईएएस संजय कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए बाराबंकी में बर्डिंग सर्किट विकसित करने की घोषणा की।

अयोध्या और गोंडा रूट को भी जोड़ने की तैयारी

मीडिया से बातचीत में आईएएस संजय कुमार ने बताया कि बाराबंकी वेटलैंड्स की संख्या और गुणवत्ता, दोनों के लिहाज से समृद्ध है। घाघरा नदी और सेंट्रल एशियन फ्लाईवे के नजदीक होने के कारण यहां बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षियों का आगमन होता है। ऐसे में जिले में बर्डिंग और इको टूरिज्म की व्यापक संभावनाएं हैं।

उन्होंने बताया कि अयोध्या और गोंडा रूट को ध्यान में रखते हुए बर्डिंग सर्किट विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इस संबंध में एसीएस पर्यटन अमृत अभिजात से भी चर्चा हुई है। शासन की ओर से कुछ झीलों के विकास और इको टूरिज्म के लिए बजट भी उपलब्ध कराया गया है।

योजना के तहत झीलों के संरक्षण के साथ बर्ड वॉचिंग टावर और नेचर ट्रेल्स जैसी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। इससे पर्यटकों को प्रकृति के करीब आने का अवसर मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे।

नवीन बनौधा की मेहनत से मिली वेटलैंड्स को पहचान

प्रदर्शनी में पहुंचे फोटोग्राफरों और प्रकृति प्रेमियों ने वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर नवीन बनौधा के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में मौजूद फोटोग्राफर गौरव ने कहा कि नवीन बनौधा ने 'सिंगल मैन आर्मी' की तरह मेहनत करके बाराबंकी के वेटलैंड्स को पहचान दिलाने का काम किया है।

उन्होंने बताया कि पहले जिन झीलों और प्राकृतिक स्थलों पर अतिक्रमण की समस्या थी, अब उनके प्रति लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है। फोटोग्राफी के माध्यम से इन स्थानों को पहचान मिलने से उनके संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल हुई है। इसका लाभ प्रदेश के पर्यटन को भी मिल सकता है।

लखनऊ के करीब मिलेगा बर्डिंग का नया ठिकाना

प्रदर्शनी देखने पहुंचे लखनऊ के फोटोग्राफर अली ने कहा कि राजधानी के आसपास इतने अच्छे बर्डिंग डेस्टिनेशन होना बड़ी बात है। पहले पक्षियों को देखने और उनकी फोटोग्राफी के लिए लोगों को भरतपुर जैसे दूरस्थ स्थानों पर जाना पड़ता था। बाराबंकी में ही ऐसे विकल्प विकसित होने से प्रकृति प्रेमियों के साथ युवाओं को भी बर्डिंग और वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

प्राकृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए बचाना जरूरी

डीएफओ आकाश दीप बधावन ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण का सबसे महत्वपूर्ण आधार जन-जागरूकता है। नवीन बनौधा ने जिले के वेटलैंड्स को तस्वीरों के माध्यम से लोगों के सामने लाने का सराहनीय प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जैव विविधता हमारी अनमोल धरोहर हैं। हम इनके केवल संरक्षक हैं और इन्हें आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है। वेटलैंड्स का संरक्षण बेहद जरूरी है, क्योंकि जल है तो जीवन है।

आयोजकों के मुताबिक, दो दिवसीय प्रदर्शनी का उद्देश्य बाराबंकी की प्राकृतिक संपदा को लोगों तक पहुंचाना और वेटलैंड संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर डीएफओ आकाश दीप बधावन, सीडीओ पंकज वर्मा, डीएम ईशान प्रताप सिंह सहित कई अधिकारी, फोटोग्राफर और प्रकृति प्रेमी मौजूद रहे।

Tags