Powered by myUpchar
घर घर तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचा रहे भाजपाई

भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने बलरामपुर सदर के ग्राम बेलवा सुल्तानजोत के बूथ संख्या-19, 20 व 21 पर घर-घर सम्पर्क अभियान कार्यक्रम में भाग लिया। बूथ पर स्थित मंदिर पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इसी के साथ ही बूथ समिति की बैठक आयोजित की गई। साथ ही चौपाल लगाकर ग्रामीणों को यूपी सरकार के आठ वर्षों की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।
जिलाध्यक्ष बोले कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ताओं का सम्मान है। आज केन्द्र के अलावा 20 से अधिक राज्यों में भाजपा स्वयं सत्ता में है या अपने सहयोगी दलों के साथ सरकार चला रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश में योगी सरकार के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान का उत्थान करने का संकल्प लेकर पार्टी के कार्यकर्ता काम कर रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष अरविंद तिवारी, प्रधान भानू जायसवाल, सूरज सोनकर, शिवम पाण्डेय, पिंटू शुक्ल, अभिषेक जायसवाल, विजय मौर्या, साहब शरण सोनकर, ओंकार मौर्या व मोतीराम सहित तमाम लोग मौजूद रहे। इसी क्रम में मंडल चाउरखाता के ग्राम महराजगंज में अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी घर-घर सम्पर्क अभियान चलाया। श्री रस्तोगी बोले कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। सभी वर्गों के लिए केन्द्र व प्रदेश की सरकार कार्य कर रही है।