संत रविदास के नाम पर दलितों को गुमराह कर रही भाजपा: नेत्रपाल सिंह अठवाल
अठवाल ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में दलितों के साथ अत्याचार, अन्याय और शोषण की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि दलित समाज भाजपा की नीतियों से निराश है और उससे दूरी बना रहा है।
उन्होंने हरिद्वार के बेलड़ा गांव की घटना का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि दलित युवकों की हत्या, महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट तथा कई लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमों में आज तक न्याय नहीं मिला। इसके अलावा शांतरशाह की एक घटना का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि दलित समाज की एक बेटी के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में भी पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला।
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय भूमिहीन लोगों को दिए गए भूमि पट्टों को भाजपा सरकार ने निरस्त करने का काम किया, जिससे गरीब परिवार प्रभावित हुए। उन्होंने दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित संत रविदास मंदिर से जुड़े विवाद का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यदि भाजपा वास्तव में संत रविदास का सम्मान करती है, तो उसे उनके विचारों के अनुरूप कार्य करना चाहिए।
अठवाल ने भाजपा से सवाल किया कि संत रविदास के नाम पर कितने विद्यालय, शैक्षणिक संस्थान और कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने मांग की कि यदि सरकार वास्तव में दलित समाज के हित में काम करना चाहती है तो आर्थिक रूप से कमजोर दलित विद्यार्थियों के लिए देश और विदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करे।
