भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन पर 501 किलो पुष्पों की वर्षा से होगा स्वागत विधायक चन्द्रभानु पासवान
पूरी गरिमा, अनुशासन और सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप होगा स्वागत
Sun, 11 Jan 2026
अयोध्या। नवनियुक्त भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के आज 12 जनवरी को प्रथम अयोध्या आगमन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। उनके स्वागत को लेकर विशेष एवं भव्य तैयारियां की गई हैं।
रौनाही टोल प्लाजा पर मिल्कीपुर विधायक चन्द्रभानु पासवान के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार अभिनंदन करेंगे। स्वागत कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। विधायक चन्द्रभानु पासवान ने स्वयं स्वागत स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
स्वागत समारोह के दौरान 501 किलो पुष्पों की वर्षा कर प्रदेश अध्यक्ष का रामनगरी में भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके साथ ही शंखध्वनि और स्वस्तिवाचन के माध्यम से पूरे वातावरण को आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। संगठन की एकजुटता और अनुशासन का संदेश देने के लिए कार्यकर्ताओं द्वारा मानव श्रृंखला भी बनाई जाएगी।
स्वागत स्थल पर लगभग पांच हजार कार्यकर्ताओं के जुटने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, सैकड़ों वाहन और कार्यकर्ता स्वागत स्थल से प्रदेश अध्यक्ष के काफिले में सम्मिलित होकर आगे की यात्रा में शामिल होंगे। इस अवसर पर विधायक चन्द्रभानु पासवान ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का आगमन कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा, “रामनगरी अयोध्या केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि संगठनात्मक रूप से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत पूरी गरिमा, अनुशासन और हमारी सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और रामनगरी अयोध्या में उत्सव जैसा माहौल बनने की पूरी संभावना है।
