बलरामपुर में भाजपा की जिला मासिक बैठक संपन्न, शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों पर हुआ मंथन
अटल भवन में जुटे वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और शिक्षक मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने पर जोर
बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय अटल भवन, तुलसीपार्क में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर जिला मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में एमएलसी सुभाष यदुवंशी शामिल हुए। इस दौरान पार्टी के क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिला प्रभारी, जनप्रतिनिधियों और जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों ने आगामी चुनाव की रणनीति तथा संगठन के कार्यक्रमों पर चर्चा की।
संगठन की मजबूती और समन्वय पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए एमएलसी सुभाष यदुवंशी ने कहा कि भाजपा की प्रमुख ताकत उसका अनुशासित संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों को प्रभावी बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय और निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप काम करना होगा।
उन्होंने शिक्षक मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने, उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने तथा पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को उन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की जिम्मेदारियों का सक्रियता और निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल ने कहा कि संगठन की मजबूती निरंतर संवाद, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सामूहिक प्रयासों से सुनिश्चित होती है। उन्होंने आगामी चुनाव के मद्देनजर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, शिक्षक मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
जिला, मंडल और बूथ स्तर पर बेहतर तालमेल की अपील
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राजकिशोर मौर्य ने संगठनात्मक समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी की कार्ययोजना को धरातल पर लागू करने के लिए जिला, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और जनसंपर्क गतिविधियों को गति देने की अपील की।
बैठक में संगठन की मासिक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की भी समीक्षा की गई। वक्ताओं ने पार्टी की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं से निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया। साथ ही संगठन की एकजुटता, अनुशासन और समर्पण को मजबूत बनाने पर बल दिया गया।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. आरती तिवारी, सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, गोंडा सांसद प्रतिनिधि कमलेश पांडेय, प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय, शंकरदयाल पांडेय, गैसड़ी चेयरमैन प्रिंस वर्मा, रवि वर्मा, ब्लॉक प्रमुख राकेश तिवारी, जिला उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी, आद्या सिंह पिंकी, वरुण सिंह मोनू, दयाराम प्रजापति, शिव प्रसाद यादव, जिला महामंत्री डॉ. अजय सिंह पिंकू, बिंदू विश्वकर्मा, महेंद्र पांडेय, राजाराम गौतम, दीपचंद्र जायसवाल, मंजू तिवारी, झूमा सिंह, ललिता तिवारी, सुनीता मिश्रा, साधना पांडेय, सरोज तिवारी, नंदनी शुक्ला, राधेश्याम वर्मा, डीपी सिंह बैस, अविनाश मिश्र और संदीप उपाध्याय सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के समापन पर संगठन की एकजुटता और सक्रियता बनाए रखते हुए गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों को गति देने तथा पार्टी के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
