सलेमपुर के पुराने कब्रिस्तान की जमीन के एग्रीमेंट और भैंस चोरी का खुलासा न होने पर भाकियू नाराज, 10 सितंबर को धरना
लखनऊ। किसानों और आम जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन अंबावता की बैठक प्रदेश कार्यालय गंगागंज में आयोजित की गई। बैठक में चोरी की घटनाओं, भूमि संबंधी मामलों, खाद की उपलब्धता और आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान सहित कई मुद्दों पर पदाधिकारियों ने चर्चा की।
प्रदेश अध्यक्ष सुनील वर्मा के निर्देश पर आयोजित बैठक में मंडल प्रभारी बद्री प्रसाद रावत के यहां हुई भैंस चोरी का मामला प्रमुखता से उठाया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि घटना का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। उन्होंने क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के मामलों में कार्रवाई में कथित देरी पर भी नाराजगी जताई।
सलेमपुर के कब्रिस्तान की जमीन का मामला उठा
बैठक में श्मशान, बंजर और पशुचर भूमि पर कंपनियों तथा प्रॉपर्टी डीलरों के कथित कब्जे का मुद्दा भी चर्चा में रहा। संगठन ने सुल्तानपुर रोड स्थित सलेमपुर की गाटा संख्या 1698 की जमीन को लेकर चिंता जताई।भाकियू अंबावता के पदाधिकारियों के अनुसार, यह जमीन सदियों पुराने कब्रिस्तान से जुड़ी है और 24 अगस्त को कथित रूप से दलालों के माध्यम से प्रॉपर्टी डीलरों से इसके एग्रीमेंट की बात सामने आई। संगठन का दावा है कि इस स्थान पर लंबे समय से कब्रिस्तान है और गंगागंज-सलेमपुर क्षेत्र के लोग भी अपने मृत परिजनों को यहां दफनाते रहे हैं। संगठन ने मामले की जांच कर भूमि की स्थिति स्पष्ट करने और संबंधित पक्षों की भूमिका की जांच किए जाने की मांग उठाई।
खाद और आवारा पशुओं की समस्या पर भी चर्चा
बैठक में किसानों को हो रही खाद की कमी और खेतों में आवारा पशुओं के पहुंचने से फसलों को होने वाले नुकसान का मुद्दा भी उठाया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जरूरी है, ताकि खेती प्रभावित न हो।
10 सितंबर को धरना-प्रदर्शन का ऐलान
भाकियू अंबावता ने इन सभी मुद्दों को लेकर 10 सितंबर को मासिक बैठक के साथ धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। संगठन ने कहा कि यदि संबंधित समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
युवा जिला कार्यकारिणी का गठन
बैठक के दौरान युवा जिला कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। युवा जिला अध्यक्ष एवं जिला मीडिया प्रभारी करन गुप्ता (बीरू) ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपीं और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक में राजीव कुमार, जितेंद्र बहादुर सिंह, जन्मेजय सिंह, मनोज यादव, फुरकान राईन, आशीष यादव, राजकुमार यादव, छोटू, प्रेमवती, नबीहुन खान और विनोद धीमान समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
