जय नारायण मिश्र महाविद्यालय में रक्तदान शिविर, छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

एनसीसी, एनएसएस सहित विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने की सहभागिता, रक्तदान के प्रति जागरूकता का दिया संदेश
 
fgyuh

लखनऊ, 30 सितंबर 2026। श्री जय नारायण मिश्र महाविद्यालय में महाविद्यालय एवं लायंस क्लब लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एनसीसी, एनएसएस तथा महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को रक्तदान के मानवीय एवं सामाजिक महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

रक्तदान शिविर का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. के.के. शुक्ल एवं लायंस क्लब लखनऊ के गवर्नर लायन परमजीत सिंह की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रक्तदान कर सामाजिक कल्याण में अपना योगदान दिया।

शिविर में स्वास्थ्य जांच के दौरान कुछ विद्यार्थियों का शारीरिक वजन अथवा हीमोग्लोबिन स्तर निर्धारित न्यूनतम आवश्यकता से कम पाया गया। ऐसे विद्यार्थियों को इस बार रक्तदान से वंचित रहना पड़ा। शिविर के स्वयंसेवकों ने उन्हें भविष्य में स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप होने पर रक्तदान के लिए पुनः आने के लिए प्रेरित किया।

चिकित्सकीय टीम ने संभाली जिम्मेदारी

रक्तदान शिविर के आयोजन में लायंस क्लब लखनऊ की ओर से डॉ. आर.सी. मिश्रा, दलजीत सिंह टोनी, नवीन झींगरण, शिविर कोऑर्डिनेटर एस.एस.ए. रिजवी, डॉ. मनोज रूहेला, अरविंद श्रीवास्तव, विकास अरोड़ा और राजीव अग्रवाल सहित मेडिकल कॉलेज लखनऊ की चिकित्सकीय टीम मौजूद रही।

कार्यक्रम में प्रो. एस.सी. हजेला, प्रो. एस.के. चौहान, प्रो. बलवंत सिंह, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आशुतोष शुक्ला, डॉ. के.के. शुक्ला, डॉ. मानस मणि तिवारी, डॉ. राजीव गुप्ता, डॉ. शैलेंद्र चौधरी, एनसीसी के कार्यवाहक प्रभारी डॉ. गिरिजेश त्रिपाठी और डॉ. विजय राज श्रीवास्तव समेत महाविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

आयोजकों ने कहा कि इस तरह के शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक होते हैं।

Tags