गोंडा में बोलेरो नहर हादसा: पृथ्वीनाथ मंदिर जा रहे 11 श्रद्धालुओं की मौत, मुख्यमंत्री ने घोषित की आर्थिक सहायता

Bolero canal accident in Gonda: 11 devotees going to Prithvinath temple died, Chief Minister announced financial assistance
 
Bolero canal accident in Gonda: 11 devotees going to Prithvinath temple died, Chief Minister announced financial assistance
गोंडा (उत्तर प्रदेश):  जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो वाहन नहर में गिर गई, जिससे 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सभी श्रद्धालु खरगूपुर स्थित प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रहे थे।

घटना के बारे में जानकारी देते हुए इटियाथोक के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि यह हादसा बेलवा बहुता मजरा रेहरा गांव के पास हुआ, जहां वाहन अनियंत्रित होकर नहर में समा गया। बोलेरो में कुल 15 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। चार लोगों को जीवित बाहर निकाल कर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। वहीं, 11 शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
मरने वालों में छह महिलाएं, दो पुरुष और तीन बच्चे शामिल हैं। मृतकों की पहचान मोतीगंज थाना क्षेत्र के सीहागांव निवासी बीना (35), काजल (22), महक (12), दुर्गेश, नंदिनी, अंकित, शुभ, संजू वर्मा, अंजू, अनसुइया और सौम्या के रूप में की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर राहत कार्य में तेजी लाई गई है और एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर तैनात की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घायलों के बेहतर उपचार के लिए सक्रिय हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और हादसे में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी थी। वाहन चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी फिसलकर सीधे नहर में गिर गई। ग्रामीणों ने रस्सियों की मदद से वाहन को बाहर निकाला।
हादसे में बची एक किशोरी ने बताया, “हम सब मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे और भजन गा रहे थे। अचानक गाड़ी फिसली और फिर कुछ समझ नहीं आया, सब कुछ अंधेरा हो गया।”
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। प्रशासन ने बारिश के मौसम में यात्रा करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।

Tags