घरवाली–पेड़वाली’ में बृज भूषण शुक्ला की दमदार एंट्री, लेकर आएंगे कॉमेडी और हॉरर का तड़का
मनोरंजन से भरपूर नया शो ‘घरवाली–पेड़वाली’ दर्शकों को हँसी, हल्के-फुल्के डर और ढेर सारे मज़े से भरी दुनिया में ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार है। कॉमेडी, अफरातफरी और हॉरर के दिलचस्प मिश्रण के साथ यह शो टीवी पर एक अलग ही अनुभव देने वाला है। इसी मनोरंजक सफर में अब शामिल हो रहे हैं प्रतिभाशाली कलाकार बृज भूषण शुक्ला, जो अपनी शानदार वेब सीरीज़ और ओटीटी पर प्रभावी भूमिकाओं के लिए जाने जाते हैं।
शो का हिस्सा बनने पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए बृज भूषण शुक्ला ने बताया जब मुझे पता चला कि यह सिर्फ कॉमेडी नहीं बल्कि हॉरर-कॉमेडी है, तो मैंने तुरंत हामी भर दी। टीवी पर यह जॉनर बहुत कम देखने को मिलता है, इसलिए कुछ नया करने का मौका मिलना मेरे लिए बेहद रोमांचक था। लंबे समय बाद दोबारा कॉमेडी में काम करने का मन था, और यह शो बिल्कुल सही अवसर साबित हुआ। इसकी कहानी ताज़गी से भरी है, टीम शानदार है और स्क्रिप्ट में एक खास आकर्षण है।”
