बुन्देली लोकगीत, पारंपरिक नृत्य और वादन के बीच धूमधाम से मनाया गया बुन्देली दशहरा मिलन समारोह

शूरवीरों की शौर्यगाथा और गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है बुन्देलखण्ड : डॉ. पुष्पलता अग्रवाल

बुन्देलखण्ड सांस्कृतिक एवं सामाजिक सहयोग परिषद ने आयोजित किया दशहरा मिलन समारोह

 
बुन्देली लोकगीत, पारंपरिक नृत्य और वादन के बीच धूमधाम से मनाया गया बुन्देली दशहरा मिलन समारोह

लखनऊ डेस्क (आर.एल. पाण्डेय)। बुन्देलखण्ड सांस्कृतिक एवं सामाजिक सहयोग परिषद की ओर से शनिवार, 14 नवंबर 2026 को बुन्देली दशहरा मिलन समारोह हर्षोल्लास और पारंपरिक अंदाज में आयोजित किया गया। राजाजीपुरम स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय के नीरू सभागार में आयोजित इस समारोह में राजधानी लखनऊ में रह रहे बुन्देलखण्ड समाज के बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का आयोजन प्रसिद्ध समाजसेवी, बुन्देलखण्ड सांस्कृतिक एवं सामाजिक सहयोग परिषद की संस्थापक संरक्षक तथा सेंट जोसेफ विद्यालय समूह की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया। वह पिछले 40 वर्षों से लगातार बुन्देली दशहरा मिलन समारोह का आयोजन कर बुन्देलखण्ड की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा दे रही हैं।

समारोह में परिषद के अध्यक्ष महेन्द्र कुमार तिवारी, महासचिव कैलाश जैन, डॉ. पवनपुत्र बादल, राष्ट्रीय महामंत्री अखिल भारतीय साहित्य परिषद सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महेन्द्र कुमार तिवारी ने की।

इस अवसर पर संस्थापक संरक्षक डॉ. पुष्पलता अग्रवाल ने बुन्देली परंपरा के अनुरूप सभी अतिथियों एवं समाज के गणमान्य लोगों का स्वागत और अभिनंदन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड वीरों की धरती है और यहां की पहचान शूरवीरों की गौरवशाली शौर्यगाथाओं से जुड़ी हुई है। उन्होंने सभी को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अपनी लोक संस्कृति, भाषा, रीति-रिवाज और परंपराओं को सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नई पीढ़ी को बुन्देली संस्कृति से जोड़ने और इसके गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूक करने की अपील भी की।

समारोह में बुन्देली संस्कृति की मनोहारी छटा देखने को मिली। डॉ. पुष्पलता अग्रवाल सहित बुन्देली समाज की महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत प्रस्तुत कर माहौल को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। वहीं, बुन्देलखण्ड से आए कलाकारों ने पारंपरिक गायन, वादन और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। लोककलाओं की इन प्रस्तुतियों ने बुन्देली विरासत और परंपराओं की जीवंत झलक पेश की।

समारोह के समापन पर आयोजित रात्रिभोज में बुन्देलखण्ड के पारंपरिक एवं विशिष्ट व्यंजनों का अतिथियों ने भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर सभी को विजय और शुभता के प्रतीक के रूप में पान खिलाकर आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में बुन्देलखण्ड सांस्कृतिक एवं सामाजिक सहयोग परिषद के आजीवन सदस्य अनिल अग्रवाल सहित बुन्देली समाज की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं। समारोह ने बुन्देली संस्कृति, लोककला और सामाजिक एकता को सहेजने का संदेश दिया।

Tags