CBSE बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान, 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगे 10वीं और 12वीं के एग्जाम
CBSE board exams dates announced, 10th and 12th exams will start from 16 February 2027
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा कर दी है। बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे निर्धारित किया गया है। बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से 101 दिन पहले ही डेटशीट जारी कर दी है, ताकि विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
सीबीएसई के मुताबिक, इस वर्ष कक्षा 10वीं की परीक्षा में करीब 26.50 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे, जबकि 12वीं में लगभग 19.80 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। कक्षा 10 के विद्यार्थियों को 83 विषयों और कक्षा 12 के विद्यार्थियों को 121 विषयों की परीक्षा देनी होगी।
40 हजार से अधिक विषय संयोजनों को ध्यान में रखकर तैयार हुई डेटशीट
बोर्ड ने बताया कि परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय 40,000 से अधिक विषय संयोजनों का विश्लेषण किया गया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि किसी विद्यार्थी के चुने हुए दो विषयों की परीक्षाएं एक ही दिन न पड़ें। इसके साथ ही उन विषयों के बीच पर्याप्त अंतर रखने का प्रयास किया गया है, जिन्हें विद्यार्थी सामान्य तौर पर एक साथ चुनते हैं।
डेटशीट को अंतिम रूप देने से पहले स्कूलों की ओर से उम्मीदवारों की सूची (LOC) जमा करने की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा चुने गए विषयों का अंतिम आंकड़ा बोर्ड के पास उपलब्ध हुआ, जिसके आधार पर परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया गया।
प्रवेश परीक्षाओं और परीक्षा केंद्रों का भी रखा गया ध्यान
सीबीएसई ने परीक्षा कार्यक्रम बनाते समय प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं की संभावित तारीखों और प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर शामिल होने वाले विद्यार्थियों की संख्या को भी ध्यान में रखा है। बोर्ड का प्रयास है कि परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुचारू रहें और विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा, मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को लंबे समय तक स्कूल से दूर न रहना पड़े, इसे भी परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय प्राथमिकता दी गई है।
विद्यार्थियों को तैयारी के लिए मिला पर्याप्त समय
परीक्षा से 101 दिन पहले डेटशीट जारी होने से विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई की योजना बनाने, विषयवार दोहराव करने और कमजोर विषयों पर अतिरिक्त ध्यान देने का अवसर मिलेगा। बोर्ड ने उम्मीद जताई है कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाओं का आयोजन व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा।
