CBSE Board result 2026 : सीबीएसई 12वीं का परिणाम घोषित
CBSE 12th result declared
Wed, 13 May 2026
नई दिल्ली (विभूति फीचर्स)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 12वीं का परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया है। इस घोषणा के साथ ही देश भर के लाखों छात्रों का लंबा इंतजार समाप्त हो गया। छात्र अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in� पर जाकर अपना डिजिटल स्कोरकार्ड आसानी से देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
रिजल्ट चेक करने के लिए छात्रों को आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा। इसके अलावा परिणाम डिजिटल प्लेटफॉर्म DigiLocker� और UMANG App� पर भी उपलब्ध कराए गए हैं। अपना रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी दर्ज करनी होगी।
सीबीएसई के नियमों के अनुसार कक्षा 12वीं में उत्तीर्ण होने के लिए प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। बोर्ड की ग्रेडिंग प्रणाली में A से D ग्रेड तक के छात्रों को सफल घोषित किया जाता है, जबकि E ग्रेड प्राप्त करने वाले छात्रों को अनुत्तीर्ण माना जाएगा। ऐसे छात्र बोर्ड के नियमानुसार कम्पार्टमेंट अथवा सुधार परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी छात्र को अपने अंकों को लेकर संदेह है, तो वह पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकेगा।
आधिकारिक घोषणा के अनुसार वर्ष 2026 में कुल 85.20 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं, जो वर्ष 2025 के 88.39 प्रतिशत परिणाम से कम है। 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित परीक्षाओं में 18.5 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था।
