कल्याण सिंह सुपर स्पेशलिटी कैंसर संस्थान के सहयोग से लुलु मॉल में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न
लुलु मॉल, लखनऊ में आज कल्याण सिंह सुपर स्पेशलिटी कैंसर संस्थान (KSSSCI) के सहयोग से सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में तेजी से बढ़ रहे सर्वाइकल कैंसर के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और लोगों को इसके रोकथाम उपायों से अवगत कराना था।
भारत में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है। चिंताजनक तथ्य यह है कि हर आठ मिनट में एक महिला इस बीमारी के कारण अपनी जान खो देती है। जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे पूरी तरह रोकथाम योग्य और समाप्त किया जा सकने वाला कैंसर बताया है। WHO का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक विश्व भर में सर्वाइकल कैंसर को समाप्त किया जा सके। इसके लिए बचपन से युवा आयु (9-26 वर्ष) की लड़कियों में HPV टीकाकरण और 30 से 60 वर्ष की महिलाओं में नियमित स्क्रीनिंग सबसे प्रभावी उपाय माने गए हैं।
कल्याण सिंह सुपर स्पेशलिटी कैंसर संस्थान लगातार इसी दिशा में कार्य कर रहा है और मानता है कि सही जानकारी, प्रारंभिक जांच और टीकाकरण से इस बीमारी को काफी हद तक रोका जा सकता है।
कार्यक्रम में रोचक जागरूकता गतिविधियाँ
कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, क्विज़, विभिन्न गेम्स और गिफ्ट डिस्ट्रीब्यूशन जैसी सहभागिता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे बड़ी संख्या में लोगों की रुचि और भागीदारी सुनिश्चित हुई।
इस दौरान संस्थान के निदेशक प्रो. एम. एल. भट्ट, विभागाध्यक्ष डॉ. सबुही कुरैशी, प्रो. विजेन्द्र कुमार, डॉ. वरुण विजय और डॉ. सौम्या गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने लोगों से संवाद किया, उनके सवालों का उत्तर दिया और टीकाकरण व नियमित जाँच के महत्व पर विस्तार से जानकारी साझा की।
लुलु मॉल के रीजनल मैनेजर श्री समीर वर्मा ने कहा कि लुलु मॉल हमेशा से सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े प्रयासों को बढ़ावा देता रहा है। केवल रिटेल स्पेस ही नहीं, बल्कि समाज के लिए योगदान देने वाला प्लेटफ़ॉर्म बनना ही हमारा उद्देश्य है। यह कैंसर जागरूकता अभियान उसी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
