इरम पब्लिक कॉलेज में चाचा नेहरू की 127वीं जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई
लखनऊ। इरम पब्लिक कॉलेज में स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री और बच्चों के प्रिय चाचा पंडित जवाहरलाल नेहरू की 127वीं जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। विद्यालय में इस अवसर पर विविध रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रबंधन, प्रधानाचार्या और शिक्षकों के साथ विद्यार्थियों द्वारा नेहरू जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में प्राइमरी कक्षा के बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए, जबकि सीनियर वर्ग के छात्रों ने विभिन्न राज्यों के लोक नृत्यों के माध्यम से भारत की एकता और सांस्कृतिक विविधता का सुंदर प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्या श्रीमती सहर सुल्तान ने छात्रों को पंडित नेहरू के व्यक्तित्व, विचारों और उनके बच्चों के प्रति प्रेम के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि नेहरू जी का जीवन बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों और शिक्षकों के बीच कई रोचक खेल प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की गईं। साथ ही बाल मेले में माइंड गेम, गीत-संगीत और विभिन्न फूड स्टॉल्स ने बच्चों का मन मोह लिया। छात्रों ने आनंदपूर्वक गतिविधियों में हिस्सा लिया और मेले का भरपूर आनंद उठाया। विद्यालय परिसर में पूरा दिन उत्साह, सीख और मनोरंजन से सराबोर रहा।
