सियासी मौसम का बदलता मिजाज: हवा का रुख भांपने में जुटे राजनीतिक मौसम विज्ञानी
The shifting mood of the political climate: Political 'meteorologists' busy gauging the direction of the wind
(सुधाकर आशावादी – विनायक फीचर्स)
मौसम हो या राजनीति, इनके मिजाज में बदलाव कब और कैसे आ जाए, इसका अनुमान लगाना आसान नहीं है। साफ आसमान पर अचानक बादल छा सकते हैं और शांत दिखाई देने वाले सियासी माहौल में भी कभी भी हलचल शुरू हो सकती है। फर्क इतना है कि मौसम के बदलते मिजाज की जानकारी आज गूगल और मौसम विभाग के माध्यम से पल-पल मिल जाती है। किस शहर में कितना तापमान रहेगा, कहां बादल छाएंगे और किस इलाके में बारिश की संभावना है, इसका पूर्वानुमान अब पहले से कहीं अधिक सटीक होने लगा है।
एक समय था जब मौसम का अंदाजा घाघ की कहावतों से लगाया जाता था। कहा जाता था—‘करिया बादल जीउ डरवावे, भूरा बादल पानी लावे।’ बाद में समाचार पत्रों में मौसम संबंधी भविष्यवाणियां प्रकाशित होने लगीं। हालांकि कई बार जिस दिन बारिश की संभावना जताई जाती, उस दिन बादल बरसना ही भूल जाते थे। आज तकनीक के विकास के साथ मौसम का पूर्वानुमान काफी बेहतर हुआ है। मौसम विज्ञानियों की इसी सटीकता को देखकर राजनीति में भी मौसम का मिजाज भांपने वाले कथित विशेषज्ञ सक्रिय हो गए हैं।
राजनीति में ऐसे मौसम विज्ञानी पहले भी हुआ करते थे, जिनके पूर्वानुमान देखकर बड़े-बड़े राजनीतिक दिग्गज हैरान रह जाते थे। वे सत्ता के अनुकूल बहने वाली हवा का रुख पहले ही भांप लेते थे और उसी दिशा में अपना कदम बढ़ा देते थे। हवा जिधर बहती, वे भी उधर ही बहने लगते थे। हालांकि आज भी राजनीति में परिस्थितियां बदलती हैं, लेकिन सियासी हवा का सही रुख पहचानने की कला पहले जैसी दिखाई नहीं देती।
आज हर कोई राजनीतिक मौसम में बदलाव की भविष्यवाणी करता नजर आता है। लेकिन इन भविष्यवाणियों के पीछे न तो कोई ठोस राजनीतिक विश्लेषण होता है और न ही कोई वैज्ञानिक आधार। कई लोगों के ज्ञान का स्रोत यू-ट्यूबर्स का एकपक्षीय विश्लेषण होता है, जिसमें किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के प्रति झुकाव अधिक दिखाई देता है। इसके अलावा कई बार व्यक्तिगत भावनाएं और धारणाएं ही भविष्यवाणी का आधार बन जाती हैं।
हमारे एक साथी भी ऐसे ही राजनीतिक मौसम विज्ञानी हैं, जिनके पैरों तले की जमीन भी मानो उनकी अपनी नहीं है। वे स्वयं को बड़ा विशेषज्ञ साबित करते हुए अक्सर घोषणा करते हैं कि राजनीति का मौसम बदलने वाला है। उनके अनुसार, आसमान में ऐसी चर्चा है कि प्रतिकूल हवाएं आंधी का रूप लेकर उन घने वृक्षों को जड़ से उखाड़ देंगी, जिन्हें अपने बरगद होने का घमंड हो गया है। उनका यह भी मानना है कि ऐसी कृत्रिम हवाएं चलाने के लिए विदेशी वैज्ञानिकों की मदद ली जा रही है।
गली-मोहल्लों में इस तरह के प्रयोग समय-समय पर होते रहते हैं। किसी एक इलाके में परिवर्तन की आंधी चलाने के लिए किए गए प्रयोग के कुछ नतीजे ऐसे कथित विशेषज्ञों के आत्मविश्वास को बढ़ा देते हैं। वे खुद को पूरे राजनीतिक भूगोल का प्रख्यात मौसम विज्ञानी समझने लगते हैं।
कुछ राजनीतिक मौसम विज्ञानी तो अपने तपोबल के आधार पर ही मौसम में अपने अनुकूल बदलाव की भविष्यवाणी कर रहे हैं। उनकी बातों पर भरोसा करके कुछ राजनीतिक पंछी एक डाल से उड़कर दूसरी डाल पर बैठने में ही अपना भविष्य सुरक्षित समझने लगे हैं। कौन-सा मौसम विज्ञानी राजनीति के बदलते मिजाज का कितना सटीक अनुमान लगा रहा है, इसका पता तो आने वाला समय ही बताएगा। फिलहाल इतना जरूर है कि राजनीतिक मौसम की भविष्यवाणी करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
चुनावों की आहट ने सत्ता सुख की आकांक्षा रखने वाले राजनीतिक चरित्रों की बेचैनी बढ़ा दी है। ऐसे माहौल में भविष्यवाणियों के आधार पर आयाराम-गयाराम की राजनीति को हवा मिलती दिखाई देती है। निष्ठा बदलकर एक दल से दूसरे दल में जाने और पाला बदलने की संभावनाएं तलाशने वाले नेताओं को उम्मीद है कि शायद इस बदलाव से उनके लिए सत्ता के दरवाजे खुल जाएं।
हालांकि, पाला बदलने वालों के भाग्य में क्या लिखा है, यह भविष्य ही बताएगा। उन्हें सत्ता की मलाई से भरी परात तक पहुंचने का अवसर मिलेगा या नहीं, इसका फैसला राजनीतिक परिस्थितियां और जनता का रुख करेगा। लेकिन जिन लोगों के लिए राजनीति ही जीवन-मरण और आजीविका का सवाल है, उनके लिए इन राजनीतिक मौसम विज्ञानियों की सलाह और भविष्यवाणियां निश्चित रूप से मायने रखती हैं।
