चरक कॉलेज ऑफ लॉ में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए लॉ ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित

तीन और पांच वर्षीय एलएल.बी. पाठ्यक्रम की संरचना, अध्ययन प्रक्रिया और करियर अवसरों की दी गई जानकारी
 
u898

ब्यूरो चीफ आर.एल. पाण्डेय  लखनऊ। चरक कॉलेज ऑफ लॉ, लखनऊ में तीन वर्षीय एवं पांच वर्षीय एलएल.बी. पाठ्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए लॉ ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान की चेयरपर्सन रितु सिंह ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को विधि के क्षेत्र में ईमानदारी, अनुशासन, लगन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद चरक कॉलेज ऑफ लॉ के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने विद्यार्थियों को तीन वर्षीय एवं पांच वर्षीय एलएल.बी. पाठ्यक्रम की संरचना, विषय-वस्तु और अध्ययन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विधि के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों पर भी प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को व्यावहारिक विधिक ज्ञान के साथ तार्किक एवं विश्लेषणात्मक क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

चरक इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन की प्राचार्य डॉ. अनुराधा त्रिपाठी ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। उन्होंने सकारात्मक सोच, अनुशासन और पूरी निष्ठा के साथ अध्ययन करने का आह्वान करते हुए विद्यार्थियों को विधि के क्षेत्र में उत्कृष्ट स्थान हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।

ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान चरक कॉलेज ऑफ लॉ के शिक्षकों ने विद्यार्थियों से संवाद किया और अपने-अपने विषयों तथा पाठ्यक्रम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। शिक्षकों ने विधि शिक्षा के शैक्षणिक एवं व्यावहारिक पक्षों से विद्यार्थियों को परिचित कराया और कानून के अध्ययन को बेहतर ढंग से समझने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में फार्मेसी की प्राचार्य डॉ. चंद्रावती चौहान सहित विभिन्न विभागों के प्राचार्य, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह और मनोयोग के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।

सभी के सहयोग से लॉ ओरिएंटेशन प्रोग्राम गरिमापूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विधि शिक्षा की दिशा, पाठ्यक्रम और भविष्य में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराते हुए उनके शैक्षणिक सफर की मजबूत शुरुआत कराना रहा।

Tags