उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संपन्न हुआ छठ महापर्व, व्रती महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की

The grand festival of Chhath concluded with the offering of 'arghya' to the rising sun; the observing women prayed for the happiness and prosperity of their families.
 
bsbs
गड़वार (बलिया)। सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया। इसी के साथ व्रती महिलाओं का 36 घंटे का निर्जला व्रत भी संपन्न हुआ। महिलाओं ने सूर्यदेव और छठी मइया की पूजा-अर्चना कर संतान की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि और सुखमय जीवन की कामना की।


भोर होते ही घरों में छठ गीतों की गूंज सुनाई देने लगी। श्रद्धालु पुरुष सिर पर पूजा सामग्री से भरी दउरी लेकर घाटों की ओर रवाना हुए, वहीं उनके पीछे व्रती महिलाएं छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए पूजा स्थलों पर पहुंचीं। घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने पूजा वेदी की गंगाजल से सफाई की और विधि-विधान से छठी मइया की पूजा-अर्चना की।


निर्धारित समय सुबह 6:16 बजे व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। तालाबों, नहरों, घरों के आंगन में बनाए गए कृत्रिम तालाबों और छतों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य देकर अपना व्रत पूरा किया। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र में छठ महापर्व की भक्तिमय छटा देखने को मिली।

सिंदूर लगाने की परंपरा का महिलाओं ने किया निर्वहन


छठ पूजा संपन्न होने के बाद व्रती महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर पारंपरिक रस्म निभाई। पूजा घाटों पर महिलाओं ने एक-दूसरे की मांग और नाक तक सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य, पति की दीर्घायु तथा परिवार की खुशहाली की कामना की।


परंपरा के अनुसार सुहागिन महिलाएं नाक से लेकर मांग तक लंबा सिंदूर लगाती हैं। इसे पति की लंबी उम्र और दांपत्य जीवन की सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इस दौरान लाल सिंदूर के स्थान पर नारंगी सिंदूर लगाने की परंपरा भी देखने को मिली। धार्मिक मान्यता के अनुसार नारंगी रंग सूर्यदेव का प्रतीक है और छठ पर्व सूर्य उपासना को समर्पित है। इसी आस्था के साथ महिलाएं नारंगी सिंदूर लगाकर सूर्यदेव का आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना करती हैं। इस प्रकार उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के बीच संपन्न हो गया।

Tags