छठ पूजा पर भी 24 घंटे मिलेगी निर्बाध बिजली, घाटों पर होगी पर्याप्त रोशनी

यूपीपीसीएल अध्यक्ष रणबीर प्रसाद ने अधिकारियों को दिए कटौतीमुक्त आपूर्ति के निर्देश, सभी डिस्कॉम की टीमें अलर्ट

 
छठ पूजा पर भी 24 घंटे मिलेगी निर्बाध बिजली, घाटों पर होगी पर्याप्त रोशनी

लखनऊ, 14 नवंबर। छठ पूजा के अवसर पर उत्तर प्रदेश में भी दीपावली की तरह 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने सभी संबंधित अधिकारियों को त्योहार के दौरान कटौतीमुक्त बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही छठ पूजा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कटौतीमुक्त बिजली आपूर्ति के लिए यूपीपीसीएल अलर्ट

प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं यूपीपीसीएल के अध्यक्ष रणबीर प्रसाद ने डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों, मुख्य अभियंताओं और अन्य अधिकारियों को छठ पूजा के दौरान प्रदेशभर में अनवरत और सुचारु विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने स्थानीय स्तर पर बिजली आपूर्ति में आने वाली बाधाओं को तत्काल दूर करने के साथ पर्याप्त मरम्मत गैंग, ट्रॉली ट्रांसफार्मर और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। अधिकारियों को नियमित पेट्रोलिंग करने, ट्रांसफार्मर और फीडरों का लोड जांचने तथा ढीले बिजली तारों और झुके हुए खंभों को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसका उद्देश्य पूजा स्थलों पर विद्युत संबंधी दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।

रात में भी जारी है मेंटेनेंस और मरम्मत का काम

बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पूर्वांचल, मध्यांचल और पश्चिमांचल समेत सभी डिस्कॉम के अंतर्गत आने वाले जनपदों में विभागीय टीमें सक्रिय हैं। बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।

जहां तकनीकी खामियां सामने आ रही हैं, वहां तत्काल मरम्मत और रखरखाव का कार्य कराया जा रहा है। संभावित समस्याओं को पहले ही दूर करने के लिए रात में भी मेंटेनेंस कार्य जारी है, ताकि त्योहार के दौरान बिजली वितरण व्यवस्था प्रभावित न हो।

छठ घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था

छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों के किनारे पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। बिजली विभाग की टीमों को स्थानीय प्रशासन और संबंधित व्यवस्थाओं के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिल सके।

आरडीएसएस के तहत मजबूत किया जा रहा विद्युत नेटवर्क

प्रदेश सरकार बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के साथ विद्युत बुनियादी ढांचे को आधुनिक और मजबूत करने पर भी काम कर रही है। इसके लिए पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं।

विभागीय टीमें बिजली लाइनों के रखरखाव, उपकरणों की निगरानी और उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान में जुटी हैं। सरकार का लक्ष्य विद्युत नेटवर्क की क्षमता और गुणवत्ता में सुधार कर प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सुरक्षित एवं भरोसेमंद बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

Tags