मुख्यमंत्री ने दिए रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय प्रकरण की जांच के आदेश, जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
लखनऊ, सितम्बर 2025 : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय, माती से जुड़े प्रकरण पर कड़ा रुख अपनाया है। विश्वविद्यालय में एलएलबी पाठ्यक्रम की मान्यता समय पर नवीनीकृत न होने,
प्रवेश प्रक्रिया के दौरान अवैध वसूली, और छात्रों की जायज़ मांगों को दबाने के लिए बाहरी तत्वों को बढ़ावा देने जैसी शिकायतों के बाद मुख्यमंत्री ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडलायुक्त स्तर पर जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही, विश्वविद्यालय के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि मान्यता नवीनीकरण में लापरवाही से छात्रों के भविष्य पर संकट खड़ा हुआ है, जो अस्वीकार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार छात्रों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी।
मंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन का दायित्व है कि वह मान्यता और पाठ्यक्रम संचालन से संबंधित सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करे। छात्रों के हितों से समझौता करने या उनके भविष्य को खतरे में डालने वाली किसी भी लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
