अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान में प्रदेशव्यापी कार्यक्रम कल, मुख्यमंत्री योगी लोकभवन से करेंगे शुभारंभ
सरकार द्वारा पूर्व में जारी आदेश के अनुसार अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि की गई है, जिसे 1 अप्रैल 2026 से लागू माना गया है। इसी क्रम में प्रदेशभर में प्रतीकात्मक चेक वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) Sandeep Singh ने कहा कि सरकार शिक्षकों के सम्मान और उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और शिक्षकों के हितों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव Parth Sarathi Sen Sharma द्वारा सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि राज्यस्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ जिला स्तर पर भी भव्य आयोजन सुनिश्चित किए जाएं। कार्यक्रमों में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे।
जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए और अधिक से अधिक शिक्षकों व अंशकालिक अनुदेशकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए जाएंगे। साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और संबोधन कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
