आग की लपटों के बीच फायर सूट पहनकर पहुंचे चीफ वार्डेन अमरनाथ मिश्र, घायल का रेस्क्यू कर बचाई जान
पुलिस लाइन्स में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में नागरिक सुरक्षा विभाग की ब्लैकआउट एवं आपदा राहत मॉक ड्रिल; NDRF, SDRF, पुलिस और अग्निशमन विभाग ने किया संयुक्त बचाव अभ्यास
ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ। रिजर्व पुलिस लाइन्स, लखनऊ में रविवार शाम नागरिक सुरक्षा कोर की ओर से ब्लैकआउट एवं आपदा राहत-बचाव मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में हुए इस अभ्यास में हवाई हमले, बम विस्फोट, आगजनी और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का प्रदर्शन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान नागरिक सुरक्षा के चीफ वार्डेन अमरनाथ मिश्र ने फायर सूट पहनकर आग की लपटों के बीच पहुंचकर घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने का साहसिक प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा और युद्ध जैसी परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करना था।
सायरन बजते ही शुरू हुआ ब्लैकआउट और बचाव अभियान
कार्यक्रम के दौरान JSO to DG सुमित मौर्य ने मॉक ड्रिल की रूपरेखा और निर्धारित गतिविधियों की जानकारी दी। शाम 6:05 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्य मंत्री नागरिक सुरक्षा धर्मवीर प्रजापति, पुलिस महानिदेशक नागरिक सुरक्षा अशोक कुमार सिंह, प्रमुख सचिव नागरिक सुरक्षा संयुक्ता समद्दार, जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा लखनऊ विशाख जी तथा डीजी पुलिस राजीव कृष्ण सहित अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके बाद राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने मॉक ड्रिल का संक्षिप्त परिचय दिया।
अभ्यास के दौरान नफीस अहमद ने हवाई हमले की चेतावनी देते हुए सायरन बजाया। सायरन सुनते ही नीरज जौहर ने नागरिकों को निर्धारित शेल्टर हाउस में सुरक्षित पहुंचाने का अभ्यास कराया। इसके बाद हवाई हमले और बम विस्फोट के कारण अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की स्थिति का सजीव प्रदर्शन किया गया। जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने लकड़ी और केमिकल से लगी आग पर काबू पाने का अभ्यास किया।
आग के बीच पहुंचे चीफ वार्डेन, घायल को सुरक्षित निकाला
आग और धुएं से भरे मकान में पीएस सेट पहनकर रमेश सिंह चौहान ने कैजुअल्टी का रेस्क्यू किया। इसके बाद नागरिक सुरक्षा के चीफ वार्डेन अमरनाथ मिश्र स्वयं फायर सूट पहनकर आग की लपटों के बीच पहुंचे और घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रदर्शन किया। इस दौरान स्टाफ ऑफिसर टू चीफ वार्डेन ऋतु राज रस्तोगी ने भी सहयोग किया।
बम विस्फोट में घायल लोगों को रामगोपाल की टीम ने स्ट्रेचर के माध्यम से प्राथमिक चिकित्सा शिविर तक पहुंचाया। राजेंद्र श्रीवास्तव ने रेस्टोरेंट में गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकालने और आग पर काबू पाने का अभ्यास कराया।
सुनील तिवारी ने जाल के माध्यम से मकान में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया दिखाई, जबकि विष्णु ने चेयर नॉट तकनीक के जरिए मकान की छत पर फंसे लोगों को रेस्क्यू करने का प्रदर्शन किया।
इमरान कुरैशी ने बम धमाके के कारण वाहन का सेंसर खराब होने और शीशे लॉक हो जाने की स्थिति में शीशा तोड़कर घायल व्यक्ति को बाहर निकालने, उसे सीपीआर देने और तत्काल अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। वहीं, दिनेश माथुर की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास कराया। मकान में फंसे लोगों के बचाव के लिए एनडीआरएफ टीम को सूचना देने और संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित करने की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की गई।
NDRF और SDRF ने संभाला राहत एवं बचाव कार्य
शाम 6:30 बजे NDRF और SDRF की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। दोनों टीमों ने राहत एवं बचाव कार्यों का नियंत्रण संभालते हुए घायलों को सुरक्षित निकालने और उपचार उपलब्ध कराने का अभ्यास किया। इस दौरान विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में दोनों बलों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन किया गया।
शाम 6:51 बजे क्षति रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मॉक ड्रिल समाप्ति की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की
मॉक ड्रिल के समापन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों के राहत एवं बचाव कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे अभ्यासों से बचाव दल की कार्यक्षमता बढ़ती है और आम नागरिकों में भी आपदा से निपटने के प्रति जागरूकता तथा आत्मविश्वास विकसित होता है।
मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए हर परिस्थिति में तत्पर रहने का संदेश दिया।

तीसरी बार आयोजित हुई इस तरह की मॉक ड्रिल: अमरनाथ मिश्र
नागरिक सुरक्षा के चीफ वार्डेन अमरनाथ मिश्र ने बताया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल तीसरी बार आयोजित की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को युद्ध, हवाई हमले, बम विस्फोट, आगजनी तथा प्राकृतिक या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार करना है।
उन्होंने बताया कि अभ्यास के दौरान उन्होंने स्वयं फायर सूट पहनकर आग की लपटों के बीच पहुंचकर घायल व्यक्ति को बाहर निकालने का प्रदर्शन किया। इसका उद्देश्य स्वयंसेवकों में साहस, आत्मविश्वास और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है।

मिश्र ने कहा कि आपदा के समय शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे समय में प्रशिक्षित स्वयंसेवक अपनी सूझबूझ, साहस और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करके कई लोगों की जान बचा सकते हैं। इसी उद्देश्य से नागरिक सुरक्षा विभाग समय-समय पर आग बुझाने, घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक चिकित्सा, सीपीआर, स्ट्रेचर संचालन, ऊंची इमारतों से रेस्क्यू और विभिन्न विभागों के साथ समन्वय का प्रशिक्षण देता है।
उन्होंने कहा कि इस अभ्यास में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने पूरी तत्परता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। NDRF, SDRF, पुलिस और अग्निशमन विभाग के साथ संयुक्त अभ्यास से विभागों के बीच बेहतर तालमेल और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की क्षमता मजबूत होती है।
नागरिकों से सतर्क रहने और प्रशिक्षण लेने की अपील
चीफ वार्डेन अमरनाथ मिश्र ने आम नागरिकों से अपील की कि आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता बरतें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने नागरिक सुरक्षा विभाग के प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का भी आग्रह किया। उनके अनुसार, नागरिक सुरक्षा केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से ही सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण संभव है।
इस मॉक ड्रिल के माध्यम से नागरिक सुरक्षा कोर, पुलिस, अग्निशमन विभाग, NDRF और SDRF के अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, आपसी समन्वय, प्राथमिक चिकित्सा और राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों का प्रदर्शन किया। अभ्यास ने यह संदेश दिया कि प्रशिक्षित स्वयंसेवक और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल आपातकालीन परिस्थितियों में अनेक लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
