वेस्ट मटेरियल से बाल वैज्ञानिकों ने बनाईं आकर्षक राखियां, शिक्षण संवाद के साथ मनाया रक्षाबंधन
लखनऊ, 27 अगस्त 2026। बख्शी का तालाब इंटर कॉलेज, लखनऊ में रक्षाबंधन पर्व को रचनात्मकता, स्नेह और सामाजिक मूल्यों के साथ मनाया गया। विद्यालय के चयनित बाल वैज्ञानिकों ने वेस्ट मटेरियल का उपयोग कर आकर्षक एवं पर्यावरण अनुकूल राखियां तैयार कीं। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने सहपाठियों के साथ शिक्षण संवाद भी किया।

विद्यालय में संवाद के लिए नामित शिक्षक हरिश्चंद्र सिंह चौहान ने विद्यार्थियों के विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। रक्षाबंधन के अवसर पर बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपने प्रधानाचार्य एवं वरिष्ठ अध्यापक अनिल कुमार गौतम को राखी बांधी।

इस अवसर पर विज्ञान शिक्षक हरिश्चंद्र सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “राखी सिर्फ एक धागा नहीं, बल्कि सुरक्षा, स्नेह और सम्मान का वचन है। यह पवित्र प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। राखी के साथ बच्चियों की नन्ही मुस्कान और उनकी उम्मीदें भी जुड़ी होती हैं, जिनकी रक्षा करना भाइयों का दायित्व है।”

उनके संबोधन से वातावरण भावुक हो गया और कुछ क्षण के लिए विद्यार्थी भाव-विभोर नजर आए। प्रधानाचार्य ने अपने आशीर्वचन देते हुए सभी विद्यार्थियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों की रचनात्मक पहल की सराहना करते हुए शिक्षक हरिश्चंद्र सिंह चौहान के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के बीच मिष्ठान वितरित किया गया। आयोजन ने रक्षाबंधन के माध्यम से स्नेह, सुरक्षा, सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और आपसी संवाद का संदेश दिया।
