बाल वैज्ञानिकों ने 500 पौधे रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
लखनऊ। बख्शी का तालाब इंटर कॉलेज, लखनऊ में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को लेकर विशेष पौधरोपण अभियान चलाया गया। विद्यालय के विज्ञान शिक्षक एवं यूको क्लब प्रभारी हरिश्चंद्र सिंह के मार्गदर्शन में कक्षा 6 से 12 तक के चयनित बाल वैज्ञानिकों ने हल्की बारिश के बीच विभिन्न प्रजातियों के करीब 500 पौधों का रोपण किया।
अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विद्यालय के पूर्व प्रबंधक स्व. श्याम मनोहर मिश्र एवं स्व. बाबू भगवती सिंह की स्मृति में बनाए गए चौक को सदैव हरा-भरा बनाए रखना रहा।
पौधरोपण के दौरान विज्ञान शिक्षक हरिश्चंद्र सिंह ने बाल वैज्ञानिकों को लगाए गए विभिन्न पौधों की विशेषताओं, उनके पर्यावरणीय महत्व और मानव जीवन में उनकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रत्येक पौधे की देखभाल की जिम्मेदारी भी सौंपी, ताकि पौधे केवल लगाए ही न जाएं, बल्कि उनका संरक्षण भी सुनिश्चित हो सके।

‘पौधे ही हमारे जीवन का मुख्य आधार’
हरिश्चंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाते हुए कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का मुख्य आधार हैं। स्वच्छ वायु, पर्यावरण संतुलन और स्वस्थ जीवन के लिए अधिक से अधिक पौधों का संरक्षण जरूरी है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे स्वयं पौधे लगाने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी पौधरोपण एवं उनकी देखभाल के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बच्चों को संदेश देते हुए कहा—
“आओ बच्चों तुम्हें बताऊं बात ज्ञान की,
पेड़-पौधे ही करते हैं रक्षा अपने प्राण की।”

बाल वैज्ञानिकों ने भी लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस अभियान ने विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और प्रकृति संरक्षण की भावना को मजबूत किया।
